भाजपा का रायपुर में एक लाख घराें में तिरंगा फहराने का फैसला - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
City

भाजपा का रायपुर में एक लाख घराें में तिरंगा फहराने का फैसला

रायपुर(realtimes) भाजपा रायपुर जिला की बैठक में हर घर तिरंगा अभियान के तहत रायपुर के एक लाख घरों में तिरंगा फहराने का फैसला किया गया। बैठक में पूर्व मंत्री व विधायक बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व मंत्री व भाजपा प्रवक्ता राजेश मूणत, जिला अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी की उपस्थिति में इसे लेकर रणनीति बनाई गई।

हर घर तिरंगा अभियान के प्रदेश संयोजक बृजमोहन अग्रवाल ने कहा, भाजपा समाज के सभी वर्गों से संपर्क कर देश के सम्मान के प्रतीक तिरंगा ध्वज को अपने घरों में फहराने की अपील कर रही है। समाज के सभी वर्गों से इस अभियान के लिए उत्साहजनक परिणाम प्राप्त हो रहे हैं। कांग्रेस के विरोध पर उन्होंने कहा, कांग्रेस अभी मानसिक पिछड़ेपन के दौर से गुजर रही है। वह नहीं समझ पा रही है कि राज्यपाल एक संवैधानिक प्रमुख होता है, जिसे ज्ञापन दिया जाता है। उसका घेराव नहीं किया जाता। वास्तव में कांग्रेसी समस्या का समाधान नहीं चाहते, उसका राजनीतिकरण चाहते हैं।

राजेश मूणत ने कहा भाजपा एक राजनीतिक ही नहीं सांस्कृतिक विचारों वाली पार्टी है। आज देश के प्रधानमंत्री ने आव्हान किया है कि देश की आजादी के 75 वर्ष का अमृत महोत्सव प्रत्येक मोहल्ले में मनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमने संकल्प लिया है कि प्रत्येक घर का बच्चा तिरंगा फहराएगा और आजादी के इस महाअभियान में अपने आप को सगर्व शामिल करेगा। भाजपा कार्यकर्ता प्रति वर्ष की भांति 14 अगस्त को भारतमाता चौक में मां भारती की महाआरती करेंगे। कांग्रेस के विरोध पर उन्होंने कहा, रघुपति राघव राजा राम, सब को सन्मति दे भगवान।

विधानसभा प्रभारी तय

भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी ने हर घर तिरंगा अभियान के लिए जिला व विधानसभा प्रभारियों की घोषणा की। रायपुर जिला प्रभारी नंदकुमार साहू, ओंकार बैस, रमेश सिंह ठाकुर को बनाया गया। उत्तर विधानसभा में प्रमोद कुमार साहू को प्रभारी, सुनील चौधरी, राजीव मिश्रा को सह प्रभारी, पश्चिम विधानसभा में बजरंग खंडेलवाल को प्रभारी, नवीन शर्मा को सह प्रभारी, ग्रामीण विधानसभा में श्यामा चक्रवर्ती को प्रभारी, खेम कुमार सेन, रामेश्वर पटेल को सह प्रभारी, दक्षिण विधानसभा में सुभाष तिवारी को प्रभारी, मुरली शर्मा, मृत्युंजय दुबे को सह प्रभारी बनाया गया।

समिति भी बनी

भाजपा मीडिया प्रभारी अनुराग अग्रवाल ने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने संयोजक बृजमोहन अग्रवाल ने सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संगठनों, व्यवसायिक संगठनों, आवासीय संगठनों, विभिन्न खेल संघों, क्लबों, मुहल्ला समितियों से संपर्क व समन्वय स्थापित करने के लिए सुभाष तिवारी, ललित जैसिंघ, बजरंग खंडेलवाल, आशु चंद्रवंशी, प्रमोद साहू, सूर्यकांत राठौर, जितेंद्र धुरंधर, श्यामा चक्रवर्ती की समिति बनाई है।

Related Articles

Back to top button