बीपीएल की सुरक्षा निधि की घर वापसी, सॉफ्टवेयर में करना पड़ा बड़ा बदलाव

रायपुर(realtimes) पॉवर कंपनी एक तरफ आम आदमी से भरपूर सुरक्षा निधि वसूल रही है, लेकिन जब बीपीएल वाले ज्यादा खपत करके सामान्य वर्ग में आ गए ताे उनकाे भी सुरक्षा निधि का बड़ा फटका लगा। इसकाे लेकर बवाल मचा तो उनकी सुरक्षा निधि वापस करने का ऐलान हो गया। छत्तीसगढ़ राज्य पॉवर कंपनी ने सुरक्षा निधि वापस करने और नवंबर माह के बिल में बकाया सुरक्षा निधि को कटने से रोकने के लिए सॉफ्टवेयर में बदलाव कर दिया है। अब जिन बीपीएल उपभोक्ताओं ने सुरक्षा निधि जमा कर दी है, उनकी सुरक्षा निधि की राशि नवंबर माह के बिल में समायोजित कर दी गई है। सॉफ्टवेयर में बदलाव करने के लिए ही इस माह की रीडिंग एक दिन विलंब से प्रारंभ हुई है।
पॉवर कंपनी हर साल अक्टूबर माह के बिल के साथ सुरक्षा निधि की राशि उपभोक्ता की औसत खपत के हिसाब से लेती है। इस बार जब अक्टूबर माह का बिल बनाया गया तो साढ़े तीन लाख बीपीएल वर्ग के उपभोक्ता ज्यादा खपत करने के कारण सामान्य वर्ग में आ गए और उनको भी सुरक्षा निधि का बड़ा फटका लग गया। ऐसा होने से प्रदेशभर में इसको लेकर भारी बवाल मचा। इस मामले में प्रदेश सरकार के हस्तक्षेप के बाद इनकी सुरक्षा निधि पर रोक लगाने का काम किया गया।
पैसे लौटाने का इंतजाम
पॉवर कंपनी ने सुरक्षा निधि पर ताे रोक लगा दी, पर सवाल यह था कि जिन उपभोक्ताओं ने सुरक्षा निधि जमा कर दी है, उनका क्या होगा। इसके लिए पॉवर कंपनी ने व्यवस्था की और नवंबर माह का बिल जो इस माह दिसंबर में आएगा, उस बिल में सुरक्षा निधि की राशि को समायोजित करने के लिए सॉफ्टवेयर में बदलाव कर दिया है। जिनकी सुरक्षा निधि की राशि ज्यादा होगी, उनकी राशि दिसंबर माह के बिल में भी समायोजित होगी।
नहीं लगेगी सुरक्षा निधि
जिन बीपीएल उपभोक्ताओं ने अक्टूबर माह के बिल में आई सुरक्षा निधि की राशि जमा नहीं की है, उनकी राशि नियम से नवंबर माह के बिल में बकाया में जुड़ जाती, ऐसे में फिर से इसको लेकर बवाल मचता। इसलिए पॉवर कंपनी ने साॅफ्टवेयर में बदलाव करते हुए सुरक्षा निधि की राशि को बकाया में जाने से भी रोकने की व्यवस्था कर दी है।



