प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0: 791 आवास स्वीकृत, समय पर पूर्ण करने पर मिलेगा 32 हजार बोनस - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0: 791 आवास स्वीकृत, समय पर पूर्ण करने पर मिलेगा 32 हजार बोनस

धमतरी। प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत नगर निगम क्षेत्र में आवास निर्माण कार्य को तेज करने के प्रयास तेज हो गए हैं। योजना अंतर्गत कुल 791 आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 395 आवासों का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जबकि 396 आवासों का निर्माण कार्य अभी प्रारंभ होना शेष है।

आयुक्त प्रिया गोयल एवं उपायुक्त पीसी सार्वा ने हितग्राहियों को निर्देश दिए हैं कि वे 31 मार्च तक हर हाल में अपने आवास निर्माण कार्य की शुरुआत करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि योजना का पूरा लाभ तभी मिल सकेगा, जब निर्माण कार्य समय पर शुरू कर निर्धारित अवधि में पूरा किया जाएगा।

नगर निगम द्वारा अब तक लगभग 4 करोड़ 49 लाख रुपये की राशि हितग्राहियों को जारी की जा चुकी है, जिससे निर्माण कार्य में तेजी आई है। प्रशासन लगातार हितग्राहियों से संपर्क कर उन्हें निर्माण कार्य शुरू करने के लिए प्रेरित कर रहा है। शासन द्वारा हितग्राहियों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष प्रावधान भी किया गया है।

जो हितग्राही अपने आवास का निर्माण कार्य डेढ़ वर्ष के भीतर पूर्ण करेंगे, उन्हें 32 हजार की अतिरिक्त बोनस राशि दी जाएगी। अधिकारियों ने हितग्राहियों से अपील की है कि वे इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाते हुए समयसीमा में निर्माण कार्य पूर्ण करें, ताकि पक्का आवास मिलने के साथ ही प्रोत्साहन राशि का भी लाभ प्राप्त हो सके।

 

 

Related Articles

Back to top button