बीमा विवादों का समाधान आसान बनाना सामूहिक जिम्मेदारी : नीलेश साठे

मुंबई। बीमा पॉलिसीधारकों की शिकायतों और विवादों के निष्पक्ष एवं त्वरित निस्तारण की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए मुंबई स्थित बीमा लोकपाल कार्यालय ने 18 नवंबर को बीमा लोकपाल दिवस मनाया। इस अवसर पर मुंबई के अंधेरी (पूर्व) स्थित विशाल हॉल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बीमा कंपनियों के नोडल अधिकारियों, पॉलिसीधारकों, शिकायतकर्ताओं और विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में भारतीय बीमा विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (इरडा) के पूर्व सदस्य (जीवन) नीलेश भास्कर साठे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, लाइफ इंश्योरेंस काउंसिल के महासचिव आदित्य गुप्ता और जनरल इंश्योरेंस काउंसिल की महासचिव कस्तूरी सेनगुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
मुंबई बीमा लोकपाल केंद्र की लोकपाल सरोजिनी दीखले ने अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि बीमा लोकपाल दिवस केवल एक संस्था के स्थापना दिवस का उत्सव नहीं है, बल्कि पॉलिसीधारकों के प्रति अपनी जिम्मेदारियों और प्रतिबद्धताओं को दोहराने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि बीमा लोकपाल व्यवस्था का उद्देश्य उन लोगों की आवाज बनना है, जिनकी शिकायतें अन्य स्तरों पर अनसुनी रह जाती हैं। प्रत्येक पॉलिसीधारक की बात सुनी जाए और उसकी शिकायत का निष्पक्ष एवं गंभीरता से समाधान हो, यह सुनिश्चित करना जरूरी है। आम नागरिकों को न्याय आसानी से उपलब्ध होना चाहिए।
मुख्य अतिथि नीलेश साठे ने अपने संबोधन में कहा कि बीमा विवादों का समाधान निःशुल्क, त्वरित और निष्पक्ष तरीके से होना चाहिए, ताकि पॉलिसीधारकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने बीमा शिकायत निवारण व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सभी संबंधित पक्षों की सामूहिक जिम्मेदारी पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बीमा कंपनियों और अन्य हितधारकों को मिलकर काम करना होगा, जिससे पॉलिसीधारकों की शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न स्वास्थ्य, जीवन और सामान्य बीमा कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे और शिकायत निवारण व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में सहयोग का भरोसा दिया। इस दौरान बीमा कंपनियों के प्रतिनिधियों और पॉलिसीधारकों के बीच खुलकर संवाद हुआ। शिकायतों के समाधान में आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों और व्यवस्था को बेहतर बनाने के उपायों पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम का समापन सकारात्मक माहौल में हुआ। बीमा कंपनियों के प्रतिनिधियों ने बीमा क्षेत्र में लोगों का भरोसा मजबूत करने और बीमा लोकपाल संस्था को और प्रभावी बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की प्रतिबद्धता जताई।



