
रायपुर(realtimes) अपने राज्य में पहली बार रियल एस्टेट कारोबारियों की भारी चांदी हो गई है। इस साल रिकॉर्डतोड़ 257 नई योजनाएं अब तक लांच हुई हाे हईं हैं। साल समाप्त होते-होते कुछ और योजनाएं आएंगी। कोरोना के कारण अब लोगों को अपने घर की अहमियत का अहसास हुआ है, क्योंकि कोरोना में वर्क फ्रॉम होम पर ज्यादा जोर दिया गया। इसके कारण रीयल एस्टेट को बड़ा फायदा हुआ है। इस साल त्योहारी सीजन में पूरे प्रदेश में आठ सौ करोड़ से ज्यादा के मकान और प्लाट बिके हैं।
कभी किसी ने सोचा नहीं था कि घर पर बैठकर भी अपने दफ्तर का काम हाे सकता है, लेकिन काेराेना में वर्क फ्राॅम होम ने इस को सच साबित करके दिखाया और घराें की अहमियत बढ़ने से रीयल एस्टेट में पहली बार बड़ा बूम आया है। पिछले साल कोरोना के बाद रियल एस्टेट में त्योहारी सीजन में बहुत घर बिके हैं। करीब छह सौ करोड़ का कारोबार हुआ है। इस काराेबार की रफ्तार ने पहले ही अहसास करा दिया था कि आने वाला साल रीयल एस्टेट के लिए बड़ा अच्छा साल होने वाला है। इस साल पिछले साल से ज्यादा मकान बिके।
रेरा में पंजीयन जरूरी
रियल एस्टेट से जुड़ी हर योजना को अब रेरा से मंजूरी लेनी पड़ती है। चाहे वह सरकारी योजना हो या फिर निजी योजना उनको रेरा में पंजीयन के बिना प्रारंभ नहीं किया जा सकता है। रेरा में जब फरवरी 2018 से पंजीयन प्रारंभ हुआ तो यही साल ऐसा रहा, जिसमें रिकॉर्डतोड़ 897 योजनाओं का पंजीयन हुआ। ऐसा इसलिए हुआ, क्योंकि हर बिल्डर को अपनी पुरानी योजनाओं का भी पंजीयन कराना जरूरी था। दूसरे साल पुरानी और नई योजनाओं को मिलाकर 192 योजनाएं मंजूर हुईं।
टूटा पिछले साल का रिकॉर्ड
2020 में कोरोनाकाल होने के बाद भी 100 नई योजनाओं का पंजीयन रेरा में हुआ। 2021 में पिछले साल का रिकॉर्ड टूटा और 136 नई योजनाओं का पंजीयन हुआ। इस साल योजनाओं की बाढ़ आ गई है। जनवरी में 20 योजनाएं लांच हुईं। अगले माह फरवरी में यह रिकॉर्ड टूटा और 23 योजनाएं आईं। मार्च में भी फरवरी का रिकॉर्ड टूटा और 26 योजनाओं का पंजीयन रेरा में हुआ। इसके बाद अप्रैल में नया रिकॉर्ड बना और 36 योजनाएं पंजीकृत हुईं हैं। मई और जून में 19-19 योजनाएं लांच हुई हैं। जुलाई में रिकॉर्डतोड़ 44 योजनाएं लांच हुई हैं। इसके बाद अगस्त में 18, सितंबर में 21, अक्टूबर में 11, नवंबर में सबसे कम चार और दिसंबर में अब तक 12 योजनाएं आ चुकी है। कुल मिलाकर इस साल 257 नई योजनाएं लांच हुईं हैं।



