दाल, आटे, चावल पर महंगाई की मार, खाद्य तेलों में थोड़ी राहत की बौछार - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

दाल, आटे, चावल पर महंगाई की मार, खाद्य तेलों में थोड़ी राहत की बौछार

रायपुर(realtimes) दालों की कीमत में एक बार फिर से इजाफा होने के साथ ही जीएसटी के कारण आटा और चावल भी थोड़ा महंगा हो गया है। लेकिन इधर खाद्य तेलों में राहत की बारिश हुई है। खाद्य तेलों में कीमत में भारी गिरावट आई है। जो सोया तेल इस साल के प्रारंभ में चिल्हर में 180 रुपए तक चला गया था, वह अब 130 रुपए पर आ गया है। इसी के साथ सरसों तेल दोहरे शतक से उतर कर 170 रुपए हो गया है।

महंगाई की मार से हर वर्ग परेशान है। इसका असर गरीब और मध्यम वर्ग पर ज्यादा पड़ रहा है। महंगाई के कारण घरेलु बजट बिगड़ गया है। महंगाई में आग लगाने का काम जीएसटी ने भी किया है। लोकल ब्रांड पर लगाई गई पांच फीसदी जीएसटी के कारण आटा और चावल की कीमत में इजाफा हो गया है। जो पांच किलो का आटा पहले 150 से 180 रुपए तक मिलता था, वह अब 160 से 190 रुपए हो गया है। इसी तरह से चावलों के दस किलो के पैक की कीमत भी 50 से 100 रुपए बढ़ गई है। इसके पीछे का कारण कारोबारी जीएसटी को बताते हैं। इसी के साथ दूध और दही की कीमत में भी एक-एक रुपए का इजाफा हो गया है। पनीर भी महंगा हो गया है। खुला पनीर जरूरत सस्ता है, लेकिन पैक वाला पनीर पर पांच फीसदी जीएसटी के कारण महंगा हाे गया है।

दालों की कीमत में फिर इजाफा

दालों की कीमत में दो माह पहले बड़ी राहत मिली थी। सभी तरह की दालें सौ रुपए के अंदर हो गई थी, लेकिन एक बार फिर से दालों की कीमत में इजाफा हो गया है। हालांकि इसके पीछे का कारण जीएसटी नहीं है। राहर दाल की कीमत चिल्हर में 120 से 125 रुपए हो गई है। वहीं मूंग दाल 130 रुपए हो गई है। चना दाल चिल्हर में 80 रुपए, उड़द दाल 120 रुपए, देशी चना चिल्हर में 60 से 70 रुपए, काबुली चना चिल्हर में 110 से 120 रुपए में मिल रहा है।

तेलों की कीमत घटी

सबसे ज्यादा आग तो सोया तेलों में लगी थी। जो सोया तेल साल भर पहले सौ रुपए के अंदर था, वह 180 के पार हाे गया था। कीर्ति गोल्ड की कीमत सबसे ज्यादा बढ़ी। लेकिन अब इसकी कीमत कम हो गई है। कुछ समय पहले थोक में इसकी कीमत 145 रुपए थी, अब इसकी कीमत 120 से 125 रुपए हो गई है। चिल्हर में यह 130 से 135 रुपए में बिक रहा है। अच्छी क्वालिटी का सनफ्लावर 195 रुपए से 180 रुपए हो गया है। फल्ली तेल अब 190 से 170 रुपए, सरसों तेल चिल्हर में अब 170 रुपए में मिल रहा है।

Related Articles

Back to top button