जेल में सड़ा देने की धमकी, कोरे कागज पर कराए साइन, आईएएस की पत्नी का ईडी पर आरोप

रायपुर(realtimes) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा गिरफ्तार किए गए आईएएस अधिकारी समीर विशनोई की पत्नी प्रीति विशनोई ने ईडी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री से मामले की शिकायत की है। इससे पहले गुरुवार दोपहर ईडी ने समीर विशनोई को अदालत में पेश किया है।
अधिकारी की पत्नी ने मुख्यमंत्री को तीन पेज का एक पत्र भेजा है जिसमें ईडी के खिलाफ गंभीर आरोप है।
शिकायत पत्र में कहा गया है कि ईडी के अधिकारियों ने समीर व उनकी पत्नी को धमकाया और कहा कि हम जो कह रहे हैं वही बयान दो। बात नहीं मानने पर जेल में सड़ा देने की धमकी दी गई है और करियर बर्बाद करने की बात कही गई है। शिकायत के मुताबिक ईडी ने मुख्यमंत्री समेत अन्य लोगों का नाम लेने के लिए भी कहा। इसके साथ ही कई कागजों पर जबरन हस्ताक्षर करवाए गए हैं। कहा गया है कि आप लोग हमारे अनुसार कथन दें, तथा सरकारी गवाह बन जाएं नहीं तो हम आपको जेल में सड़ा देंगे।



