जीत का अलख जगाने अब भाजपा की छत्तीसगढ़ में विजय संकल्प यात्रा

रायपुर(realtimes) छत्तीसगढ़ के मतदाताओं तक अपनी बात पहुंचाने के साथ ही कार्यकर्ताओं में जीत का अलख जगाने के लिए भाजपा ने अब विजय संकल्प यात्रा निकालने का फैसला किया है। प्रदेश भाजपा संगठन ने विधानसभा चुनाव को लेकर एक साथ दो विजय संकल्प यात्राएं निकालने की रणनीति बनाई है। एक यात्रा जहां दंतेवाड़ा से निकलेगी, वहीं एक यात्रा जशपुर से निकलेगी। दोनों यात्राएं एक स्थान पर रायपुर या बिलासपुर में आकर मिलेंगी और यहां पर समापन होगा। यात्रा की पूरी रूपरेखा और तिथि तय करने के लिए आज कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में बैठक होगी। इसमें प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नितिन नवीन, प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव के साथ प्रदेश के संगठन के पदाधिकारी भी शामिल होंगे।
इस साल के अंत में प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं। इस बार भाजपा चुनाव में जीत प्राप्त करके हर हाल में सत्ता में वापस आना चाहती है। इसके लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निर्देश पर कई तरह की रणनीति पर काम हो रहा है। छत्तीसगढ़ में चुनाव की कमान श्री शाह ने अपने हाथ में लेकर रखी है। अब भाजपा ने विजय संकल्प यात्रा निकालने का फैसला किया है। इस यात्रा को लेकर तैयारी की जा रही है।
दिग्गज नेता होंगे शामिल
यात्रा में प्रदेश के सभी दिग्गज नेता शामिल होंगे। इसी के साथ यात्रा के प्रारंभ होने वाले दिन जशपुर और दंतेवाड़ा में राष्ट्रीय स्तर के किसी नेता को भी बुलाने की तैयारी है। इसी के साथ बीच-बीच में भी राष्ट्रीय स्तर के नेताओं को बुलाया जाएगा। प्रदेश के नेताओं में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव, नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल के साथ ही सभी सांसद, विधायक और सभी नेता शामिल होंगे।
बताएंगे प्रदेश सरकार की वादाखिलाफी
यात्रा में सभी 90 विधानसभाओं को शामिल करने का प्रयास रहेगा। यात्रा जहां से भी गुजरेगी, वहां पर हर गांव और हर शहर में प्रदेश सरकार की वादाखिलाफी को बताने का प्रयास होगा। भाजपा नेताओं का कहना है, प्रदेश की सरकार ने जनता को ठगने का काम किया है। अपना किया गया कोई भी वादा पूरा नहीं किया है। इसी के साथ केंद्र की मोदी सरकार की योजनाओं के बारे में भी बताया जाएगा। इसके अलावा प्रदेश में 15 साल रही भाजपा की सरकार में जिस तरह से विकास हुआ था उसके बारे में भी जनता को बताया जाएगा। यात्रा में प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने के लिए विजय संकल्प लिया जाएगा।



