छत्तीसगढ़ के 25 हजार बूथों में भाजपा ने झोंके 10 लाख कार्यकर्ता

रायपुर(realtimes) केंद्रीय मंत्री अमित शाह की रणनीति के तहत अब छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन ने विधानसभा चुनाव जीतने के लिए अलग तरह की रणनीति बनाई है। इस रणनीति के मुताबिक भाजपा ने 25 हजार बूथों में दस लाख कार्यकर्ताओं को झोंक दिया है। प्रदेश में एक करोड़ 92 लाख 56 हजार मतदाता हैं। 20 मतदाताओं के पीछे एक कार्यकर्ता रखा गया। हर बूथ में 30 से 50 कार्यकर्ताओं की टीम काम कर रही है। हर बूथ के लिए पन्ना और पेज प्रभारी बना दिए गए हैं और उनको काम पर भी लगा दिया गया है। इनका काम मतदाताओं के घरों तक जाकर उनसे बात करना और उनकी पूरी कुंडली तैयार करना है।
भाजपा संगठन मिशन 2023 की तैयारी में जुटा हुआ है। अब तो यहां पर चुनावी की कमान संभालने का काम केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कर लिया है। श्री शाह की अगुवाई में ही विधानसभा चुनाव जीतने के लिए लगातार रणनीति बनाई जा रही है। श्री शाह की अगुवाई में ही गुजरात में भाजपा ने इस बार विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत प्राप्त की। अब गुजरात की तरह ही सभी चुनावी राज्यों में बूथों पर फोकस करके भाजपा चुनाव जीतना चाहती है।
हर बूथ के लिए रणनीति
अमित शाह के निर्देश पर प्रदेश भाजपा संगठन ने हर बूथ के लिए रणनीति बनाई है। इसके तहत सबसे अहम यह है कि हर बूथ के जितने भी मतदाता हैं, उन तक पहुंचना है। इसके लिए जो रणनीति बनाई गई है, उसमें तय किया गया है कि हर बूथ में आठ सौ से 12 सौ तक मतदाता होते हैं। हर बूथ में आगे और पीछे के पेज को मिलाकर 60 मतदाता रहते हैं। ऐसे में हर बूथ में 13 से 20 पेज तक होते हैं। हर पेज के लिए, जिसमें 60 मतदाता हैं, भाजपा ने एक पन्ना प्रभारी और दो सहयोगी रखने का काम किया है।
मतदाताओं की बन रही कुंडली
हर पेज के लिए जो तीन कार्यकर्ता नियुक्ति किए गए हैं, वे सभी मतदाताओं के घरों तक जा रहे हैं। एक-एक कार्यकर्ता को 20-20 मतदाताओं के घरों तक जाने का जिम्मा दिया गया है। कार्यकर्ता मतदाताओं से वन-टू-वन बात करके हर मतदाता की समस्या जानकर उनकी समस्या का निराकरण करने का काम कर रहे हैं। हर मतदाता को भाजपा के बारे में बताने के साथ, यह बताया जा रहा है कि केंद्र की भाजपा सरकार क्या-क्या कर रही है और जब प्रदेश में भाजपा की सरकार थी तो उसने क्या किया था और अब कांग्रेस की सरकार ने किस तरह से वादाखिलाफी करने का काम किया है। कांग्रेस की नाकामियों को भी मतदाताओं को बताया जा रहा है। सबसे अहम यह है कि भाजपा के कार्यकर्ता यह जानने का प्रयास कर रहे हैं कि कौन सा मतदाता भाजपा को वोट करता है और कौन सा मतदाता भाजपा का मतदाता नहीं है। सभी मतदाताओं की कुंडली तैयार करते जो भाजपा के मतदाता नहीं होंगे, उनको भाजपा की रीति और नीति से अवगत कराते हुए भाजपा के पक्ष में मतदान करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।



