हरोली में बोले नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री- हिमाचल में कांग्रेस की जीत से शुरु होगा भाजपा के पतन का दौर

ऊना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और भाजपा के नेताओं ने हिमाचल के चुनावों से किनारा कर लिया है। हिमाचल के भाजपा नेताओं द्वारा मांगने से भी मोदी का समय अब नहीं मिल रहा है। यह बात आज नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कही। दरअसल हरोली विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क के दौरान उन्होंने विधानसभा चुनावों के लिए समर्थन मांगा। मुकेश अग्निहोत्री विधानसभा क्षेत्र हरोली से पांचवी बार चुनाव लड़ रहे हैं। जनसंपर्क अभियान के दौरान अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल में भाजपा की करारी हार होगी, और भारतीय जनता पार्टी इस मुंह के बल गिरने के लिए तैयार रहे। उन्होंने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस की जीत होगी और भाजपा के पतन का दौर शुरू हो जाएगा।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि धनबल बस सत्ता के दुरुपयोग की अब हार होकर ही रहेगी। उन्होंने कहा कि जयराम एक विफल मुख्यमंत्री साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि जयराम एक कैसे ड्राइवर है जिन्होंने स्टेरिंग तो अपने हाथ में लिया लेकिन उनकी पटरी सही तरह से नहीं चल पाई। उन्होंने कहा कि जयराम में तो काबिलियत ही नहीं कि उनको तो सिर्फ हालात के कारण ही मुख्यमंत्री पद सौंपा गया था। जयराम ठाकुर याद रखें कि वह हालात के कारण उन्हें यह कुर्सी मिली है।अब विधानसभा चुनाव होने वाले हैं तो भाजपा के केंद्रीय नेताओं को व प्रधानमंत्री को बुलाकर चुनाव लडऩे का प्रयास कर रहे हैं, क्योंकि उनकी अपनी उपलब्धि कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता के हित की लड़ाई कांग्रेस एकजुटता से लड़ रही है और बहुमत के साथ सत्ता में आएगी। जयराम ठाकुर की विदाई तय है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र के विकास कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ कांग्रेस की नहीं विचारों की विकास की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने हिमाचल को कर्ज में डूबा दिया है, कांग्रेस की सरकार बनते ही हम हिमाचल क़र्ज़ से निकालेंगे, बेरोजगार युवाओं को नौकरियां प्रदान करेंगे।
मंडी में होगी करारी हार
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हमने पहले भी संसदीय क्षेत्र मंडी में सांसद के उप चुनावों में हराया है। अब फिर से मंडी में भाजपा बड़ी हार की ओर बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि हमने लगातार जनता के हित के लिए आवाज उठाई है और हम हिमाचल को एक बनाकर आगे बढ़ रहे हैं, जबकि भाजपा क्षेत्रवाद बढ़ा रही है।
यह वायदे करेंगे पूरे
नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हम कर्मचारियों को ओपीएस देंगे, बोर्ड ऑफ निगम को पेंशन देंगे। हम आउट सोर्स को 6 महीने में नीति बनाकर पक्का करेंगे, ठेकेदारी पर रखा बंद करेंगे। हिमाचलियों को प्राथमिकता के आधार पर नौकरियां दी जाएगी। 5 लाख रोजगार के अवसर पैदा किए जाएंगे। महिलाओं के खाते में 15 सो रुपए डाले जाएंगे, 300 यूनिट बिजली फ्री की जाएगी। हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम करेंगे।
भीख नहीं मांगेगे, जो करेंगे अपने दम पर करेंगे
हिमाचल प्रदेश अपने आप में मजबूत है। उन्होंने कहा कि इस प्रदेश को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जाएगा। कहा कि भाजपा को गलतफहमी है कि हम केंद्र से अपने कार्यों के लिए भीख मांगेंगे, हम जो करेंगे अपने दम पर करेंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता को साथ लेकर उनका हक़ लिया जाएगा।



