खास खबर: मुर्मू के लिए समर्थन मांगने कांग्रेस के सांसद, विधायकों के घराें पर दस्तक दे रहे हैं भाजपा नेता

रायपुर(realtimes) एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार आदिवासी महिला द्रौपती मुर्मू के लिए समर्थन जुटाने भाजपा ने अलग तरह की ही रणनीति बनाई है। इसके लिए राष्ट्रीय संगठन के निर्देश पर प्रदेश संगठन ने कई तरह से काम करने प्रारंभ किए हैं। इसी कड़ी में एक योजना यह बनाई गई है कि कांग्रेस के सभी सांसद, विधायकों के घरों तक भाजपा के सांसद, विधायक और प्रदेश पदाधिकारियों के साथ अनुसूचित जन जाति मोर्चा के पदाधिकारी भी जाएंगे और समर्थन देने की अपील करेंगे। इसका सिलसिला प्रारंभ भी हाे गया है। यह सिलसिला मतदान के दिन तक चलेगा। इसी के साथ सभी जिलाें में अजजा के नेता सभी कांग्रेस के विधायकाें से मीडिया के माध्यम से भी अपील कर रहे हैं।
राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपती मुर्मू का कल रायपुर आगमन हो रहा है। इसके पहले भाजपा ने उनके लिए समर्थन जुटाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। एक तरफ जहां नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक को मुख्यमंत्री भूपेस बघेल से बात करने और श्रीमती मुर्मू से बात कराने की जिम्मेदारी दी है, वहीं प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदेव साय को कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष मोहन मरकाम से बात करने के लिए कहा गया है।
घराें तक जा रहे भाजपा नेता
भाजपा के प्रदेश संगठन के निर्देश पर कांग्रेस के विधायक और सांसदों के घर-घर जाकर आदिवासी महिला राष्ट्रपति उम्मीदवार को समर्थन देने की अपील कर रहे हैं। इसको लेकर दाे दिन पहले भाजपा ने अनुसूचित जन जाति मोर्चा के साथ मिलकर एक वर्चुअल बैठक की है। इसके लिए पूर्व मंत्रियों रामविचार नेताम और केदार कश्यप को जिम्मेदारी दी गई है। इस बैठक में रायपुर, बस्तर संभाग के साथ कवर्धा, गरियाबंद, बालोद, कोरबा, रायगढ़ सहित आदिवासी बाहुल्य जिलों के नेता शामिल हुए। बैठक में जिला अध्यक्षों के साथ अजजा के पूर्व और वर्तमान विधायक, सांसदों के साथ भाजपा से जुड़े पदाधिकारी शामिल हुए। इसको बताया गया कि इनको अपने-अपने क्षेत्र के कांग्रेस के सांसद, विधायकों के घरों तक जाकर उनसे श्रीमती मुर्मू के समर्थन में मतदान करने की अपील करनी है। इसी के बात से समर्थन मांगने के लिए घराें तक दस्तक देने का सिलसिला चल रहा है। खासकर आदिवासी विधायकों पर पूरा फोकस किया जा रहा है।



