कौशिक बोले- युवाओं को छलकर किस बात की भेंट मुलाकात कर रहे मुख्यमंत्री

रायपुर(realtimes) पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा युवाओं के साथ की जा रही भेंट मुलाकात को लेकर कहा, रोजगार मांगते युवाओं को भयावह कोरोना काल में आंदोलन के लिए विवश करने, न्याय व हक की मांग पर लाठियां बरसाने वाले और बेरोजगारी भत्ते के नाम पर छल करने वाले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पिछले पौने पांच सालों में युवाओं से मुलाकात की याद नहीं आई और चुनावी वर्ष को देखकर उनसे भेंट मुलाकात करके दिखावा करके उनसे चुनावी लाभ लेना चाहते है।
श्री कौशिक ने कहा, जिस तरह से प्रदेश में पीएससी के नतीजे में हुई धांधली और व्यापम में हुए घोटाले को देखा जाए तो स्पष्ट हो जाता है कि कांग्रेस सरकार छत्तीसगढ़ की युवा प्रतिभाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है, बेरोजगारी भत्ते के नाम पर युवाओं को जिस तरह से छल-प्रपंच करके वादाखिलाफी की और कठोर नियम बनाकर छलने का काम किया है उसकी शायद ही कहीं मिसाल मिलती है।उन्होंने कहा, कांग्रेस सरकार के शासन में जो पीएससी घोटाला, व्यापम घोटाला और विभिन्न पदों में निकली भर्ती में जो घोटाला हुआ है इन सब में जो युवाओं का जो विश्वास टूटा है, क्या मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने भेंट मुलाकात पर इस विषय पर जवाब देंगे। उन्होंने कहा, छत्तीसगढ़ के युवाओं को अब समझ आ चुका है और यह अपने साथ हुए अन्याय का बदला जरूर लेंगे।



