महिलाओं का 33 फीसदी आरक्षण का बिल लाने वाली भाजपा ने छत्तीसगढ़ में दिया सिर्फ 14 महिलाओं काे टिकट - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

महिलाओं का 33 फीसदी आरक्षण का बिल लाने वाली भाजपा ने छत्तीसगढ़ में दिया सिर्फ 14 महिलाओं काे टिकट

रायपुर(realtimes) महिला आरक्षण की पक्षधर भाजपा ने 33 फीसदी आरक्षण का बिल पास करवाने का काम किया है, हालांकि यह बिल 2029 से लागू हो पाएगा। लेकिन भाजपा से इस बार पांच राज्यों के चुनाव में ज्यादा महिलाओं को टिकट देने की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन भाजपा ने इसमें निराश किया है। छत्तीसगढ़ में भाजपा ने 85 सीटाें के प्रत्याशियों के ऐलान में महज 14 महिलाओं काे ही टिकट दिया है। उसका प्रतिशत 16 ही होता है। 

प्रदेश में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने 21 प्रत्याशियों की सूची 17 अगस्त को जारी की थी। इसमें पांच महिलाओं काे टिकट दिया गया था। एक दिन पहले जारी 64 प्रत्याशियों की सूची में 9 महिलाओं काे टिकट दिया गया है।

इन महिलाओं को टिकट
भाजपा के 85 प्रत्याशियों में 14 एक दर्जन महिलाओं को टिकट दिया गया है। जहां पहली 21 की सूची में लक्ष्मी रजवाड़े, शकुंतला पोर्ते, सरला कोसरिया, अलका चंद्राकर एवं गीता घासी साहू को टिकट दिया गया था, वहीं 64 प्रत्याशियों की सूची में रेणुका सिंह, लता उसेंडी, रंजना साहू, उधेश्वरी पैकरा, गोमती साय, सुनीति सत्यानंद राठिया, संयोगिता सिंह जूदेव, रायमुनी भगत और शिवकुमारी काे टिकट दिया गया है।दाे महिला सांसदों को टिकट
भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने पहली सूची में एक सांसद विजय बघेल को पाटन से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ प्रत्याशी बनाया है। अब बची सीटों के लिए जिनको टिकट दिया गया है। उसमें तीन सांसदों के नाम हैं। बिलासपुर के सांसद और प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव को लोरमी से टिकट दिया गया है। वहीं गोमती साय को पत्थलगांव और केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह को भरतपुर सोनहत से प्रत्याशी बनाया गया है। इसी के साथ पूर्व सांसद विक्रम उसेंडी को अंतागढ़ और विष्णुदेव साय को कुनकुरी से टिकट गया है। इसके पहले पूर्व राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम को पहली सूची में ही टिकट दिया जा चुका है।
तीनों महामंत्री मैदान में
प्रदेश संगठन के तीनों महामंत्रियों को भी मैदान में उतारा गया है। पूर्व मंत्री और प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप को नारायणपुर, विजय शर्मा को कवर्धा और ओपी चौधरी को रायगढ़ से टिकट दिया गया है। सबसे बड़ा चौंकाने वाला फैसला रायपुर उत्तर से पुरंदर मिश्रा को प्रत्याशी बनाया जाना है। यहां से कई दावेदारों के नाम थे, सिंधी समाज के भी दावेदार थे, पर सभी को किनारे रखते हुए राष्ट्रीय संगठन ने पुरंदर मिश्रा पर भरोसा जताया है।
अनुज, धर्मजीत, खुशवंत, नीलकंठ को भी टिकट
भाजपा में प्रवेश करने वाले छत्तीसगढ़ी फिल्मों के स्टार अनुज शर्मा को धरसींवा से, खुशवंत साहेब को आरंग और जोगी कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए धर्मजीत सिंह को तखतपुर और पूर्व आईएएस नीलकंठ टेकाम को केशकाल से प्रत्याशी बनाया गया है।
पांच सीटों के प्रत्याशी बाकी
पांच सीटों के प्रत्याशी अभी तय नहीं हो सके हैं। इसमें सबसे महत्वपूर्ण उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव का विधानसभा क्षेत्र अंबिकापुर है। इसी के साथ पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल के विधानसभा क्षेत्र कसडोल, विधायक रजनीश सिंह के बेलतरा के साथ पंडरिया और बेमेतरा के प्रत्याशी भी अभी तय नहीं किए गए हैं।
16 पूर्व मंत्रियों को मैदान में उतारा
भाजपा के 15 साल के कार्यकाल के 16 मंत्रियों को मैदान में उतारा गया है। इनमें मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के साथ, विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक भी शामिल हैं। इसी के साथ पूर्व मंत्रियों में अमर अग्रवाल, बृजमोहन अग्रवाल, प्रेमप्रकाश पांडेय, ननकीराम कंवर, कृष्णमूर्ति बांधी, पुन्नूलाल मोहिले, दयालदास बघेल, अजय चंद्राकर, केदार कश्यप, विक्रम उसेंडी, रेणुका सिंह, महेश गागड़ा, भैयालाल राजवाड़े, राजेश मूणत एवं रामविचार नेताम शामिल हैं।
जूदेव परिवार से दो मैदान में
भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव के परिवार से चंद्रपुर से संयोगिता सिंह जूदेव के साथ ही कोटा से प्रबल प्रताप सिंह जूदेव को प्रत्याशी बनाया है।

Related Articles

Back to top button