कांग्रेस के इतिहास को जानते हैं खड़गे, देश में इसी पार्टी ने बनाया घोटालों का रिकॉर्ड: Anurag Thakur

हमीरपुर: भाजपा के स्टार प्रचारक एवं केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भोरंज विधानसभा क्षेत्र के चंबोह में मीडिया के रू-ब-रू कहा कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास कैसा रहा है इसे कांग्रेस के नविनर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकाअर्जुन खडगे अच्छी तरह से जानते हैं। उन्हें इसके बारे में बताने की जरूरत नहीं है। कांग्रेस ही है, जिसने देश में घोटालों का ऐसा रिकॉर्ड कायम किया है, जिसे कोई तोड़ नहीं सकता है। देश को गरीबी की तरफ धकेलने में कांग्रेस के योगदान को भूला नहीं जा सकता है।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस के इतिहास को देश की जनता भी भली-भांति जानती है। इसी पार्टी ने देश को बांट कर राज किया और वोट लेकर जनता को भूल जाते हैं। कांग्रेस ने एक परिवार को ही आगे रखा और देश को पीछे कर दिया, जिसका खामियाजा आज देश के लोग भुगत रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2012 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने हिमाचल के हर घर से एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी देने का वायदा किया था। पार्टी बताएं कि कितने लोगों को उसने 5 साल में सरकारी नौकरियां दी थी। ओपीएस किसने खत्म किया था, सब जानते हैं। कांग्रेस सरकार के समय में इसे खत्म किया गया। कांग्रेसी इसका जवाब जनता को दें। उसके बाद भाजपा इस की बहाली पर बात करेगी।
30 के बाद आएगी चुनाव प्रचार में तेजी
अनुराग ठाकुर ने कहा कि 30 अक्तूबर के बाद प्रदेश भर में पार्टी के चुनावी कैंपेन में बड़े स्तर पर तेजी आएगी। प्रधानमंत्नी नरेंद्र मोदी ने हिमाचल को पहले भी काफी समय दिया है और अब चुनाव के समय भी वह चारों संसदीय क्षेत्रों में बड़ी रैलियां करेंगे, जिससे पार्टी के प्रत्याशियों को मजबूती मिलेगी। इस बार पार्टी उम्मीदवारों की जीत का मार्जन भी बढ़ेगा। पार्टी ने जो भी निर्णय लिए हैं, वह हमेशा हित में लिए हैं। अनुराग ने कहा कि भोरंज में पार्टी एक बार फिर से जीत का परचम लहराएगी।


