कांग्रेस के आदिवासी मंत्री-विधायक स्पष्ट करें कि वे शासन के साथ हैं या आदिवासी समाज के साथ : नंदकुमार साय

रायपुर(realtimes) भाजपा के वरिष्ठ नेता नंदकुमार साय, प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप, पूर्व मंत्री लता उसेंडी, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विकास मरकाम ने कहा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा ने आरक्षण में हुई कटौती को लेकर 8 अक्टूबर को तीन संभागों में चक्काजाम करने का फैसला लिया है। इसी के साथ कांग्रेस के जनजाति विधायकों के निवास कार्यालय में प्रदर्शन करके घेराव भी किया जाएगा।
एकात्म परिसर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए आदिवासी नेता नंदकुमार साय ने कहा, भाजपा ने आदिवासियों की मांगों को देखते हुए वर्ष 2012 में अनुसूचित जनजाति आरक्षण 20% से बढ़ाकर 32% तक किया था, जो प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार में अनुसूचित जनजाति वर्ग का आरक्षण 20% हो गया है। यह आदिवासियों के साथ प्रदेश सरकार द्वारा किया गया छल है। आदिवासी समाज प्रदेश की कांग्रेस सरकार को इसका करारा जवाब देगा। उन्होंने कहा कि भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के नेतृत्व में आदिवासी समाज प्रदेश सरकार के खिलाफ 8 अक्टूबर को बस्तर, सरगुजा व दुर्ग संभाग के नेशनल हाईवे जाम करते हुए अपना उग्र आंदोलन करेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के आदिवासी विधायक व मंत्री स्पष्ट करें कि वह अनुसूचित जनजाति समाज के साथ हैं या फिर शासन के साथ।
कांग्रेस विधायकों के निवास का करेंगे घेराव
भाजपा प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सर्व आदिवासी समाज 32% आरक्षण को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करेगा। उन्होंने आंदोलन की रूपरेखा बताते हुए कहा 9 से 12 अक्टूबर तक ग्राम संपर्क अभियान के माध्यम से जनजाति समाज के द्वारा आरक्षण में की गई कमी को बढ़ाने के लिए एक हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। 13 से 18 अक्टूबर तक मध्य बस्तर और सरगुजा संभाग में कांग्रेस के जनजाति विधायकों के निवास कार्यालय में प्रदर्शन करके घेराव किया जाएगा। दीपावली के बाद भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा द्वारा ब्लॉक स्तर पर बाइक रैली निकालकर प्रदेश सरकार का विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक आदिवासी समाज को उसका 32% आरक्षण नहीं मिल जाता, तब तक भाजपा आंदोलन करती रहेगी।



