जीएसटी कंपनसेशन सेस पुनर्गठन के लिए मंत्रियों का समूह गठित, वित्त मंत्री ओपी चौधरी भी शामिल

रायपुर.जीएसटी के तहत कंपनसेशन सेस के पुनर्गठन हेतु एक विशेष मंत्रियों के समूह का गठन किया गया है। इस समूह की अध्यक्षता केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी कर रहे हैं, जिसमें छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी को भी शामिल किया गया है।
जीएसटी काउंसिल की 54वीं बैठक में कंपनसेशन सेस को समाप्त करने और एक नए कर ढांचे के निर्माण पर जोर दिया गया था। इस संदर्भ में गठित मंत्रियों का यह समूह नए कर प्रस्तावों पर विचार करने और एक समग्र कर प्रणाली विकसित करने का कार्य करेगा।
समूह में ओपी चौधरी के अलावा असम की वित्त मंत्री स्मिता नेग, गुजरात के वित्त मंत्री कनुभाई देसाई, कर्नाटक के राजस्व मंत्री कृष्णा बायरे गौड़ा, मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा, पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, और तमिलनाडु के वित्त मंत्री थांगम थिन्नारसु शामिल हैं।
यह पहल राज्यों की वित्तीय स्थिरता को बनाए रखने और आर्थिक विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से की गई है। कंपनसेशन सेस के माध्यम से राज्यों को मिलने वाले वित्तीय संसाधनों की महत्ता कई विकास परियोजनाओं के सफल कार्यान्वयन में दिखाई देती है। इस नए कर ढांचे के माध्यम से सरकार का लक्ष्य अधिक प्रभावी और समग्र कर प्रणाली स्थापित करना है, जिससे राज्य की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ किया जा सके।



