एकात्म परिसर में बन रहा नड्डा के राेड शाे का रथ, चुनिंदा नेताओं के ही हाेंगे पाेस्टराें में फाेटाे

रायपुर(realtimes) भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के 9 सितंबर को होने वाले रोड शो के लिए एकात्म परिसर में रथ बनाने का काम आज से प्रारंभ हाे गया है। इस रथ में लगने वाले पोस्टरों में कुछ राष्ट्रीय नेताओं के साथ प्रदेश के भी चुनिंदा नेताओं के ही फोटो लगेंगे। तेलीबांधा से लेकर एकात्म परिसर के बीच में एक दर्जन स्थानों पर मंच बनाकर भव्य स्वागत की तैयारी की जा रही है।
रोड शो के लिए बड़ी मेटाडोर काे रथ के रूप में तैयार करने का किया जा रहा है। इसमें रथ में चारों तरफ लगने वाले पाेस्टरों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, प्रदेश की प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी, सहप्रभारी नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह, प्रदेशाध्यक्ष अरूण साव और नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल के फाेटो लगेंगे। इसके अलावा प्रदेश के और किसी नेता की फोटो नहीं लगेगी। बाकी नेताओं को शहर में लगने वाले बैनर और पोस्टर में अपनी तस्वीरें लगाने के लिए कहा गया है।
एक दर्जन स्थानों में होगा स्वागत
प्रदेशाध्यक्ष अरूण साव ने बताया, राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। उनके स्वागत की तैयारी चल रही है। विमानतल से वे तेलीबांधा आएंगे और यहां पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद यहां से उनका रोड शो प्रारंभ होगा। एकात्म परिसर तक होने वाले रोड शो में एक दर्जन स्थानों पर मंच बनाकर राष्ट्रीय अध्यक्ष का पुष्पवर्षा से स्वागत किया जाएगा। रोड शो शास्त्री चौक से आंबेडकर अस्पताल की तरफ जाएगा, वहां से एकात्म परिसर पहुंचकर इसका समापन होगा।
कोर ग्रुप की बैठक भी
श्री साव ने बताया, साइंस कॉलेज के मैदान में होने वाले कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद श्री नड्डा प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंचेंगे। जहां भाजपा कोरग्रुप, प्रदेश पदाधिकारियों, विधायक व सांसदों की बैठक होगी। कार्यकर्ता सम्मेलन में पूरे प्रदेशभर से 50 हजार से ज्यादा कार्यकर्ता आएंगे और उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष का उद्बोधन सुनने का मौका मिलेगा।
कार्यकर्ता सम्मेलन, पंडाल में होगी 50 हजार के बैठने की व्यवस्था
भाजपा के कार्यकर्ता सम्मेलन के लिए साइंस कॉलेज मैदान में पंडाल बनाने का काम प्रारंभ हो गया है। करीब एक लाख वर्गफीट में बन रहे पंडाल में 50 हजार कार्यकर्ताओं के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। करीब ढाई सौ मजदूर दिन-रात काम कर रहे हैं। गुरुवार की शाम तक पंडाल पूरी तरह से तैयार हो जाएगा। बारिश के मौसम को देखते हुए पंडाल को वॉटरप्रूफ बनाया जा रहा है।



