कांकेर में मासूम बच्चियों की बेरहमी से पिटाई के मामले को बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने लिया संज्ञान

आयोग के सदस्य को मौके पर जाकर प्रतिवेदन देने के आदेश जारी
कांकेर(realtimes) छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां बच्चों के लिए बनाए गए दत्तक ग्रहण केंद्र में प्रोग्राम मैनेजर द्वारा मासूम बच्चियों की बेरहमी से पिटाई का वीडियो सोशल मिडिया में जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि प्रोग्राम मैनेजर किस प्रकार मासूम बच्चियों को बेरहमी से पीट रही है। वीडियो में प्रोग्राम मैनेजर बच्चे को जमीन में पटकते भी दिखाई दे रही है। वीडियो के वायरल होने के बाद अब पुलिस ने इस मामलें में प्रोग्राम मैनेजर के खिलाफ FIR दर्ज़ कर ली है।
छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष श्रीमती तेजकुंवर नेताम ने जिला कांकेर में दत्तक ग्रहण एजेंसी में बच्चियों के साथ निर्ममतापूर्वक मारपीट का समाचार व वीडियो जानकारी में आते ही तत्काल प्रकरण पर संज्ञान लेकर प्रकरण दर्ज करने हेतु आदेश दे दिये हैं ।
आयोग के सदस्य अगस्टीन बर्नाड को कांकेर में घटना स्थल पर जाकर विस्तृत जाँच कर तुरंत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने के निर्देश दे दिये हैं । सदस्य आज ही मौके पर जाकर जाँच कर प्रतिवेेदन प्रस्तुत करेंगे । बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष श्रीमती तेजकंवर नेताम ने बच्चों की रहवासी संस्थाओं में ऐसी घटनाओं पर कड़ा ऐतराज दर्ज करते हुए कहा है कि इस तरह की लापरवाही व निर्ममता तथा बच्चों के अधिकारों के घोर हनन की स्थिति पर आयोग बेहद सख्त कदम उठायेगा।



