अनुशासन, नेतृत्व और समर्पण का निर्माण करते हैं खेल : कुलगुरु - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
Sports

अनुशासन, नेतृत्व और समर्पण का निर्माण करते हैं खेल : कुलगुरु

जोधपुर। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय में विश्वविद्यालय स्तरीय वार्षिक खेल प्रतियोगिता आयुर्घोष 2026 का आज शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन कुलगुरु प्रोफेसर (वैद्य) गोविंद सहाय शुक्ल की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर अपने संबोधन में कुलगुरु प्रोफेसर शुक्ल ने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम-भावना, नेतृत्व और आत्मविश्वास के विकास का सशक्त माध्यम हैं। आयुर्वेद जैसे जीवन विज्ञान के विद्यार्थियों के लिए शारीरिक एवं मानसिक संतुलन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु शुभकामनाएं दी। छात्र कल्याण प्रकोष्ठ के अध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. गोविंद प्रसाद गुप्ता ने बताया कि आयुर्घोष 2026 में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों से 300 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं तथा इसमें कुल 12 खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।

आयुर्घोष-2026 के पहले दिन विभिन्न खेल स्पर्धाएं उत्साहपूर्वक संपन्न हुईं। टग ऑफ वॉर (बालक वर्ग) में यूजी-23 ने यूजी-24 को पराजित कर विजय प्राप्त की, वहीं क्रिकेट मुकाबले में पीजी-23 ने बीएसएन-25 पर जीत दर्ज की। वॉलीबॉल बालिका वर्ग में यूजी-25 बनाम यूजी-25 के मुकाबले में यूजी-25 विजेता रहा, जबकि दूसरे मुकाबले में यूजी-23 ने पीजी-23 को हराया। बैडमिंटन सिंगल्स (बालक वर्ग) में पीजी-24 ने यूजी-21 को पराजित किया तथा बालिका वर्ग में यूजी-25 ने यूजी-24 पर विजय हासिल की। खो-खो बालक वर्ग में यूजी-23 ने पीजी-22 को मात दी, जबकि दूसरे मुकाबले में बीएसएन-23 ने यूजी-25 को पराजित कर जीत दर्ज की।

खेल प्रभारी डॉ. अरुण दाधीच ने बताया कि यह अंतर-कक्षीय खेल प्रतियोगिता आठ फरवरी तक आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता के अंतिम दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ समापन समारोह आयोजित होगा। उद्घाटन समारोह में प्राचार्य प्रोफेसर चंदन सिंह, डीन आयुर्वेद प्रोफेसर महेंद्र कुंवर शर्मा, होम्योपैथिक प्राचार्य डॉ. गौरव नागर, योग एवं नेचुरोपैथी प्राचार्य डॉ. चंद्रभान शर्मा, बीएससी नर्सिंग प्राचार्य डॉ. दिनेश राय सहित विभिन्न संकायों के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button