अजा मोर्चा की बैठक में भाजपा के दिग्गज राष्ट्रीय नेता बनाएंगे चुनावी रणनीति

रायपुर(realtimes) भाजपा का राष्ट्रीय संगठन भी इस साल पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव काे लेकर चुनावी मोड में आ गया है। इसी के साथ छत्तीसगढ़ काे पर राष्ट्रीय संगठन का बड़ा फोकस है। यही वजह है कि यहां पर पहली बार भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की राष्ट्रीय बैठक आज होने जा रही है। इस बैठक में मुख्य रूप से चुनावी राज्यों में अजा मोर्चा की भूमिका पर रणनीति बनाई जाएगी। भाजपा को जीत कैसी दिलाई जाए और अजा मोर्चा जीत के लिए क्या कर सकता है इसको लेकर मंथन होगा। इस बैठक में अजा मोर्चा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष भी शामिल हो रहे हैं। बैठक में शिरकत करने वाले ज्यादातर राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ राज्यों के पदाधिकारी कल रात तक रायपुर पहुंच गए। थे, कुछ बड़े नेता और बाकी पदाधिकारी आज सुबह पहुंचे हैं। ऋबैठक सुबह 11 बजे अग्रसेन धाम में होगी।
भाजपा का राष्ट्रीय संगठन इस प्रयास में लगा है कि छत्तीसगढ़ में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में किसी भी हाल में जीत प्राप्त कर वापस सत्ता में आया जाए। यही वजह है कि यहां पर चुनाव की कमान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संभाल ली है। इसके बाद से ही लगातार छत्तीसगढ़ पर फोक करते हुए कई कार्यक्रम तय किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में अब अजा मोर्चा की राष्ट्रीय बैठक यहां हो रही है।
जुटेंगे देश भर के दिग्गज नेता
भाजपा अजा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व विधायक नवीन मार्कण्डेय ने बताया कि बैठक में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष, राष्ट्रीय संगठक वी. सतीश, भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री व मोर्चा प्रभारी सीटी रवि, अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य सहित मोर्चा के राष्ट्रीय पदाधिकारी, 35 संगठन राज्यों के मोर्चा प्रदेश प्रभारी, सहप्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष शामिल हो रहे हैं। श्री मार्कण्डेय ने कहा कि बैठक में संगठनात्मक विषयों के साथ ही महासंपर्क अभियान की रिपोर्ट पर भी चर्चा होगी। बैठक में केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा पिछले 9 वर्षों के शासनकाल में अजा वर्ग के कल्याण की दृष्टि से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं जिनसे सामाजिक न्याय और राजनीतिक सहभागिता की दिशा में क्रांतिकारी पहल हुई है। केंद्र सरकार द्वारा शुरू किए गए कल्याणकारी कार्यक्रमों व योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की योजना पर बैठक में चर्चा होगी। साथ ही छत्तीसगढ़ व राजस्थान में दलितों, विशेषकर दलित महिलाओं पर बढ़ी अत्याचार की घटनाओं को लेकर दोनों प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनमत जागृत करने की योजना बनाई जाएगी।



