छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों की गाड़ी पर बड़ा नक्सली हमला, IED ब्लास्ट में 8 जवान व एक चालक की मौत - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों की गाड़ी पर बड़ा नक्सली हमला, IED ब्लास्ट में 8 जवान व एक चालक की मौत

छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के काफिले पर हमला किया, जिसमें डीआरजी के 8 जवान और एक ड्राइवर की मौत हो गई।

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर में सुरक्षाबलों के काफिले पर नक्सिलियों ने बड़ा हमला किया है। इस हमले में DRG के 8 जवान शहीद हो गए। इसके साथ ही चालक की भी मौत हो गई।

IG बस्तर रेंज सुंदरराज पी ने बताया कि बीते दो-तीन दिनों से बीजापुर, दंतेवाड़ा और नारायणपुर में ऑपरेशन चल रहा था। ऑपरेशन खत्म करके आज सुरक्षाबलों के ये जवाब बेस कैंप लौट रहे थे। इसी दौरान अंबेली गांव के पास IED ब्लास्ट किया गया। सुरक्षाबलों की एक बख्तरबंद गाड़ी इसकी चपेट में आ गई।

यह धमाका इतना जोरदार था कि वाहन के पार्ट्स 30 फीट दूर तक पेड़ पर मिले। ब्लास्ट के बाद सड़क पर गहरा गड्ढा भी हो गया। जवानों के शव क्षत-विक्षत हालत में मिले। ब्लास्ट के बाद वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गाड़ी कई फीट ऊपर उछली और नीचे गिरकर मलबे में बदल गई।

वहीं, ADG नक्सल ऑपरेशन विवेकानंद सिन्हा ने कहा कि ये नक्सलियों की कायराना हरकत है। जवानों की शहादत यूंही नहीं जाएगी। इन हमलों का जवाब दिया जाएगा। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी जवानों के निधन पर दुख जताया है।

बघेल ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, ‘बीजापुर से आ रही खबर बेहद दुखद है। बीजापुर के कुटरू में माओवादियों द्वारा सुरक्षा बलों के वाहन पर IED ब्लास्ट किया गया है। इस दुखद घटना में हमारे 8 जवान और एक वाहन चालक के शहीद होने की सूचना है। हम सब शहीदों को अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और उनकी शहादत को कोटि-कोटि सलाम करते हैं। लोकतंत्र विरोधी ताकतों के खिलाफ हम सब एकजुट हैं।’

इससे पहले अबूझमाड़ के जंगल में शनिवार देर रात मुठभेड़ में एक DRG जवान प्रधान आरक्षक सन्नू कारम शहीद हुए थे। इस मुठभेड़ में जवानों ने एक महिला नक्सली समेत 5 माओवादियों को भी मार गिराया था।

Related Articles

Back to top button