अंतिम दिन भाजपा ने झोंकी पूरी ताकत, रमन का होगा बड़ा राेड शाे - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

अंतिम दिन भाजपा ने झोंकी पूरी ताकत, रमन का होगा बड़ा राेड शाे

रायपुर(realtimes) भानुप्रतापपुर उपचुनाव के अंतिम दिन आज चुनाव प्रचार थमने से पहले भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का चारामा में रोड शो होगा। इसी के साथ प्रदेशाध्यक्ष अरूण साव, नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल, चुनाव प्रभारी बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक के साथ सभी बड़े नेताओं की अलग-अलग सभाएं होंगी। क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल भी वहां पर लगातार डटे हुए हैं। इधर भाजपा के स्टार प्रचारकों में शामिल राष्ट्रीय स्तर का कोई नेता प्रचार करने नहीं आया। मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से अंतिम दिन प्रचार में शामिल होने के लिए लगातार प्रयास किया गया, पर सफलता नहीं मिली।

भानुप्रतापपुर में पांच दिसंबर को मतदान से पहले आज शाम काे चुनाव प्रचार थम जाएगा। चुनाव प्रचार थमने से पहले भाजपा ने पूरी ताकत झोंकने का फैसला किया है। एक दिन ताे विधानसभा में आरक्षण विधेयक के लिए बुलाए गए विशेष सत्र में निकल गया। सारे विधायक सदन में रहे। लेकिन अब अंतिम दिन भाजपा कोई कसर बाकी नहीं रखना चाहती है।

रमन का रोड शो चारामा में

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का शनिवार काे चारामा में रोड शो 12.15 से दोपहर 2.15 बजे तक होगा। । चारामा के रोड शाम में डॉ. रमन सिंह के साथ कई बड़े नेता शामिल होंगे। डॉ. रमन सिंह तीन बजे भानुप्रतापपुर में भाजपा के कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। इसके अलावा प्रदेश के दूसरे दिग्गज नेताओं की भी अलग-अलग स्थानों पर सभाएं होंगी। भाजपा ने अपने सभी आदिवासी नेताओं को भानुप्रतापपुर के चुनाव प्रचार में लगा रखा है। उनकी वहां पर लगातार सभाएं हो रही हैं।

नहीं आए राष्ट्रीय स्टार प्रचारक

भाजपा ने अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची में राष्ट्रीय नेताओं राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, प्रदेश के नए प्रभारी ओम माथुर, सहप्रभारी नितिन नवीन के साथ मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का नाम रखा था। श्री चौहान खैरागढ़ के उपचुनाव के प्रचार में आए थे। उनके भानुप्रतापपुर भी आने की संभावना थी। उनसे शुक्रवार को लगातार समय लेने के लिए प्रदेश के भाजपा नेता संपर्क करते रहे, पर उनकी तरफ से यहां की किसी सभा या रोड शो के लिए सहमति नहीं मिल सकी।

Related Articles

Back to top button