सीएम हाउस का घेराव आज, पुलिस ने कहा-फटकने नहीं देंगे, भाजयुमो अध्यक्ष बोले- हर हाल में पहुंचेंगे - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

सीएम हाउस का घेराव आज, पुलिस ने कहा-फटकने नहीं देंगे, भाजयुमो अध्यक्ष बोले- हर हाल में पहुंचेंगे

रायपुर(realtimes) राजधानी रायपुर में आज भाजयुमो मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने वाला है। इसको लेकर पुलिस प्रशासन ने भारी सुरक्षा व्यवस्था की है। एक हजार जवानों को सुरक्षा में लगाया गया है। इसी के साथ एक दर्जन स्थानों पर बेरिकेड्स लगाए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का साफ कहना है, प्रदर्शनकारियों को किसी भी हाल में मुख्यमंत्री निवास के पास फटकने नहीं दिया जाएगा। इधर भाजयुमो के प्रदेशाध्यक्ष रवि भगत का कहना है, हर हाल में सीएम हाउस तक हम पहुंच कर रहेंगे।
प्रदेश भाजपा संगठन ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। लगातार अलग-अलग मुद्दों पर आंदोलन किया जा रहा है। अब पीएससी में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए भाजयुमो को मुख्यमंत्री निवास घेरने का जिम्मा दिया गया है। इसके लिए भाजयुमो ने पूरी तैयारी कर रखी है। आंदोलन में सबसे पहले सप्रे स्कूल के पास सभा होगी। इसमें भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या के साथ ही प्रदेश के सभी बड़े नेता शामिल होंगे। सभा के बाद मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने कूच होगा। आंदोलन के लिए रायपुर जिले से ही दस हजार से ज्यादा की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा गया है।
आंदोलन में शामिल रहेंगे बड़े नेता
इस आंदोलन में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव, नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल, केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह, सांसद सुनील सोनी, विधायक बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व मंत्री राजेश मूणत, विधायक अजय चंद्राकर, पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, शहर जिला अध्यक्ष जयंती भाई पटेल के साथ कई दिग्गज नेता शामिल होंगे। आंदोलन का नेतृत्व करने के लिए भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या आज सुबह 9 बजे पहुंच गए हैं। भाजयुमो के आंदोलन को देखते हुए मुख्यमंत्री निवास को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। मुख्यमंत्री निवास के आसपास भारी पुलिस बल तैनात रहेगा।
सभा के बाद सीएम हाउस कूच
आज दोपहर 1 बजे सप्रे स्कूल के पास पहले बड़ी सभा होगी। इस सभा में सभी बड़े नेता रहेंगे। सभा में नेताओं के संबोधन के बाद भाजयुमो के कार्यकर्ता और पदाधिकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या के नेतृत्व में मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने के लिए कूच करेंगे। भाजयुमो के कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री निवास पहुंचने से पहले ही रोकने की तैयारी पुलिस प्रशासन ने की है। इसके लिए जहां मुख्यमंत्री निवास के चारों तरफ बेरिकेड्स लगाए गए हैं, वहीं आकाशवाणी के पास बेरिकेड्स लगाकर पूरा रास्ता बंद किया गया है। किसी भी प्रदर्शनकारी को मुख्यमंत्री निवास तक पहुंचने नहीं दिया जाएगा।
रास्ते में ही रोका जाएगा
पुलिस प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को रास्ते में ही रोकने का पूरा इंतजाम किया है। जहां मुख्यमंत्री निवास के चारों पर सुरक्षा घेरा बनाते हुए बेरिकेड्स लगाए गए हैं, हर स्थान पर भारी संख्या में पुलिस के जवान रहेंगे। वहीं आकाशवाणी के पास प्रदर्शनकारियों को रोकने का पूरा इंतजाम किया गया है। यहां पर भी भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा। पुलिस ने आकाशवाणी से प्रदर्शनकारियों को किसी भी हाल में आगे न जाने देने का पुख्ता इंतजाम किया है।

Related Articles

Back to top button