खतरनाक घोषित थी इमारत, फिर भी चल रहा था काम और फिर…

Bhiwandi Building Collapse: महाराष्ट्र के भिवंडी में गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। करीब 11:30 बजे एक 4 मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 6 से 7 लोगों के अब भी मलबे में दबे होने की आशंका है। राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।
48 कमरों वाली इमारत पलभर में हुई जमींदोज
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, इमारत में कुल 48 कमरे थे। हर मंजिल पर 12 कमरे बने हुए थे। बताया गया कि जिस समय हादसा हुआ, उस समय इमारत में मरम्मत का काम चल रहा था। अचानक पूरी इमारत ढहने से कई लोग मलबे के नीचे दब गए।
पहले ही खतरनाक घोषित कर चुका था निगम
अधिकारियों ने बताया कि नगर निगम इस इमारत को पहले ही खतरनाक घोषित कर चुका था। इसके बावजूद इमारत में लोग रह रहे थे और मरम्मत का काम भी जारी था। हादसे के बाद इस मामले में लापरवाही के पहलुओं की भी जांच की जाएगी।
एनडीआरएफ समेत कई टीमें बचाव में जुटीं
घटना की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, ठाणे आपदा मोचन बल और स्थानीय दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। मलबा हटाकर फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने का प्रयास किया जा रहा है। बचाव दल मशीनों और अन्य उपकरणों की मदद से लगातार सर्च अभियान चला रहे हैं।
प्रशासन ने आसपास के लोगों से घटनास्थल से दूरी बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि जब तक पूरा मलबा नहीं हट जाता, तब तक राहत और बचाव अभियान जारी रहेगा। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया गया है।



