Monsoon Update: दिल्ली-यूपी समेत 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

नई दिल्ली। देशभर में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। लगातार हो रही बारिश से कई राज्यों में जनजीवन प्रभावित है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 7 अगस्त के लिए दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 15 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में 60 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और दक्षिणी गंगा के मैदानी क्षेत्रों में बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण मौसम में यह बदलाव आया है।
दिल्ली-NCR में तेज हवा और भारी बारिश के आसार
दिल्ली-एनसीआर में मौसम पूरी तरह बदला हुआ है। मौसम विभाग ने मध्यम से भारी बारिश के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। राजधानी में अधिकतम तापमान 33 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। सुबह के समय आर्द्रता 95 प्रतिशत तक दर्ज की गई।
उत्तर प्रदेश में अगले 24 घंटे रहेंगे चुनौतीपूर्ण
उत्तर प्रदेश में मानसून का असर लगातार बना हुआ है। प्रयागराज, फतेहपुर, मिर्जापुर, रायबरेली, कानपुर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, इटावा, आगरा, मेरठ, गाजियाबाद, वाराणसी और लखनऊ समेत कई जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
बिहार और झारखंड में तेज आंधी व बिजली गिरने का खतरा
बिहार के पटना, गया, भोजपुर और दरभंगा में भारी बारिश के साथ 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं झारखंड के रांची, जमशेदपुर और धनबाद में 70 से 80 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को आकाशीय बिजली से भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
राजस्थान में कई संभागों के लिए भारी बारिश की चेतावनी
राजस्थान के भरतपुर, जयपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभागों में 7 से 10 अगस्त के बीच मध्यम से अतिभारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने निचले इलाकों में जलभराव की आशंका जताई है।
उत्तराखंड और हिमाचल में भूस्खलन का खतरा
हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू, मनाली, कांगड़ा, मंडी और चंबा सहित कई पहाड़ी जिलों में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। स्थानीय नदी-नालों में अचानक जलस्तर बढ़ सकता है और भूस्खलन की घटनाएं भी हो सकती हैं।
उत्तराखंड के देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, टिहरी, रुद्रप्रयाग और चमोली में अत्यधिक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। नैनीताल, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ में भी भारी बारिश के कारण सड़कें प्रभावित हो सकती हैं।
पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर में भी बारिश का असर
पश्चिम बंगाल के कोलकाता, हावड़ा, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुड़ा, झाड़ग्राम, दार्जिलिंग और जलपाईगुड़ी में भारी बारिश की संभावना है। वहीं असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में लगातार बारिश से कई नदियां उफान पर हैं। कुछ इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं।
लोगों के लिए मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने भारी बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है। पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भूस्खलन संभावित इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है।



