विधानसभाओं में भाजपा की जमीनी हकीकत परखेंगे दूसरे राज्यों के विधायक - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

विधानसभाओं में भाजपा की जमीनी हकीकत परखेंगे दूसरे राज्यों के विधायक

रायपुर(realtimes) छत्तीसगढ़ की 90 विधानसभाओं में भाजपा की जमीनी हकीकत जानने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने पांच राज्यों के भाजपा विधायकों छत्तीसगढ़ भेजने का फैसला किया है चार राज्यों असम, झारखंड, ओडिशा और बिहार के 60 विधायक यहां पहुंच गए हैं। पं. बंगाल के विधायक वहां पर विधानसभा सत्र चलने के कारण नहीं आ पा रहे हैं, ये अगले माह आएंगे। जो विधायक आ गए हैं, अब इन सभी को आज कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक अभय पाटिल प्रशिक्षण देंगे। इसके बाद सभी विधायक आज रात या फिर कल सुबह तक अपने-अपने जिम्मे वाली विधानसभाओं के लिए रवाना हो जाएंगे। विधानसभाओं में एक सप्ताह 22 से 28 अगस्त तक रहने के बाद अपनी रिपोर्ट बनाकर राष्ट्रीय संगठन को देंगे।
छत्तीसगढ़ सहित जिन राज्यों में इस साल चुनाव होने हैं, उसके लिए भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने एक बड़ी रणनीति बनाई है। इन राज्यों में दूसरे राज्यों के विधायकों को एक सप्ताह के लिए भेजा जा रहा है। ये विधायक राष्ट्रीय संगठन के निर्देश पर वहां पर एक सप्ताह तक काम करेंगे।
झारखंड के सरगुजा और ओडिशा के विधायक बस्तर जाएंगे
जिन विधायकों को यहां की विधानसभाओं का जिम्मा दिया गया है, उनके लिए यह भी व्यवस्था है कि उनको कहीं भाषा की परेशानी न हो। इसको ध्यान में रखकर ही तय किया गया है कि किस राज्य के विधायक किस संभाग में जाएंगे। असम के विधायक बिलासपुर संभाग, झारखंड के सरगुजा संभाग के साथ जशपुर जिले की विधानसभाओं में जाएंगे। झारखंड के ज्यादातर विधायक भी आदिवासी हैं, ऐसे में उनके लिए आदिवासी अंचल सरगुजा काे चुना गया है, ताकि परेशान न हो। ओडिशा के विधायक बस्तर और बिहार के दुर्ग संभाग की विधानसभाओं में जाएंगे। पं. बंगाल के विधायकों को रायपुर संभाग का जिम्मा दिया गया है।
प्रशिक्षण में बताएंगे क्या करना है
जिन विधायकों को जिम्मा दिया गया है, उनको अपने जिम्मे वाली विधानसभा में पूरे एक सप्ताह तक रहना है। वे वहां पर रहकर क्या काम करेंगे, यह सब राष्ट्रीय संगठन ने तय किया है। हर रोज के लिए अलग-अलग टॉस्क है। बूथ, शक्ति केंद्रों के साथ मंडलों में जाना है, वहां पर बैठकें लेने के साथ पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के अलावा आम जनता से भी संवाद करना है। भाजपा की स्थिति का आकलन करने के साथ वहां पर कौन की पार्टी की क्या स्थिति है, इसका भी पता लगाना है। सारी जानकारी लेकर पूरी रिपोर्ट तैयार करनी है। विधायकों को क्या-क्या काम कैसे करने हैं, इनकी पूरी योजना लेकर राष्ट्रीय संगठन के अभय पाटिल भी रायपुर आ गए हैं। अब वे ही सोमवार को सारे विधायकों को प्रशिक्षण देंगे कि उनको किस तरह से विधानसभाओं क्या-क्या काम करना है।

Related Articles

Back to top button