पहली बार सोना 63 हजारी की राह पर, कीमत पहुंची 62500 - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
businessState

पहली बार सोना 63 हजारी की राह पर, कीमत पहुंची 62500

रायपुर. अपने राज्य में इतिहास में पहली बार सोना 63 हजारी की राह पर है। महज छह माह में ही सोना 50 हजार से बढ़कर जीएसटी के साथ 62500 हो गया है। देश के साथ ही प्रदेश में सोने की कीमत में लगातार इजाफा हो रहा है। जो सोना पिछले साल दीपावली के समय जीएसटी के साथ 50 हजार दो सौ रुपए था, उसमें अब 12500 रुपए का इजाफा हो गया है। कीमत में और इजाफा होने की संभावना जताई जा रही है। इस साल कभी भी कीमत 65 हजार के पार हो सकती है।

शादियों के सीजन पर अभी ब्रेक लगा हुआ है, लेकिन अब इस माह अक्षय तृतीया से फिर से शादियां होने लगेंगी। शादियों की बाजार में जमकर खरीदारी होने लगी है। ऐसे समय में सोने की कीमत में लगातार इजाफा हो रहा है। इसके पीछे का कारण सराफा कारोबारियों के मुताबिक अमेरिका और यूरोप में बैंकिंग संकट के चलते दुनिया भर के शेयरों मार्केट में गिरावट का आना है। इससे भारतीय बाजार में सोने की कीमतों में आग लगी है। वित्तीय संकट की स्थिति में लोगों, खासतौर पर भारतीय निवेश के लिए सोने को बेहद पसंद किया जाता है। पिछले करीब दो दशक में सोने की कीमत में छह गुना इजाफा हो चुका है।
ऐसे बढ़ती गई कीमत
सोने की कीमत करीब छह माह में 12 हजार पांच सौ रुपए बढ़ी है। पिछले साल धनतेरस और पुष्य नक्षत्र और दीपावली के समय राजधानी रायपुर में सोने की कीमत 50 हजार दो सौ रुपए थी, जो इस समय 62 हजार पांच सौ रुपए हो गई है। कारोबारियों के मुताबिक पहले कभी इतने कम समय में इतनी ज्यादा कीमत नहीं बढ़ी थी। पिछले साल तो ज्यादातर समय कीमत 50 हजार के आस-पास ही रही है। इस साल कीमत में लगातार इजाफा हो रहा है। पहले कीमत 55 हजार के पार हुई। इसके बाद देश में सोना पहली बार इस साल 60 हजारी हुआ और अब 62 हजारी होने के बाद 63 हजारी की राह पर है।
अब कम ग्राम की खरीदारी
सराफा कारोबारी हरख मालू के मुताबिक अब ग्राहकों पर कीमत बढ़ने का असर नहीं होता है। अब ग्राहकों ने अपनी खरीदारी का तरीका बदल दिया है। जिनको दस ग्राम की जरूरत होती है, अपने बजट के मुताबिक वे 7 से 8 ग्राम ले लेते हैं। जिनको 20 ग्राम की जरूरत होती है वो 14 या 15 ग्राम लेते हैं। जिनको पांच तोले की जरूरत होती है, वो चार तोला ले लेते हैं।

Related Articles

Back to top button