रायपुर दक्षिण से सुनील सोनी को बीजेपी का टिकट - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

रायपुर दक्षिण से सुनील सोनी को बीजेपी का टिकट

रायपुर। रायपुर दक्षिण उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। पूर्व सांसद सुनील सोनी को यहां से टिकट दिया गया है। रायपुर से दिल्ली तक गहन चर्चा होने के बाद इस नाम पर सहमति बनी है। यह भी कहा जा रहा है कि सांसद बृजमोहन अग्रवाल की पसंद को पार्टी ने प्राथमिकता दी है।

यहां मतदान 13 नवंबर को होगा और परिणाम 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। नामांकन की प्रक्रिया 18 अक्टूबर से शुरू होगी, और चुनाव आयोग के अनुसार, नामांकन की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर है। इसके बाद 28 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी होगी, और नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर है।

ये भी थे रायपुर दक्षिण से टिकट के प्रमुख दावेदार
  1. नंदन जैन – प्रदेश कोषाध्यक्ष, संघ की पृष्ठभूमि से जुड़े हैं।
  2. नरेश गुप्ता – प्रदेश कार्यालय प्रभारी, वे भी संघ की पृष्ठभूमि से आते हैं।
  3. केदार गुप्ता – पार्टी के सक्रिय प्रवक्ता और पर्यटन मंडल के पूर्व उपाध्यक्ष, वे ग्रामीण और उत्तर सीट से भी दावेदारी कर चुके हैं।
  4. संजय श्रीवास्तव – प्रदेश महामंत्री, निगम सभापति और आरडीए अध्यक्ष रह चुके हैं, और उत्तर सीट से भी दावेदारी कर चुके हैं।
  5. अमित साहू – प्रदेश प्रवक्ता, भाजयुमो के पूर्व अध्यक्ष, पश्चिम और ग्रामीण सीट से दावेदारी कर चुके हैं, ओबीसी वर्ग से साहू समाज से आते हैं।
  6. अनुराग अग्रवाल – प्रदेश सह-मीडिया प्रभारी हैं।
  7. मृत्युंजय दुबे – कई बार के पार्षद, महापौर के चुनाव में भी भाग ले चुके हैं।
  8. मीनल चौबे – निगम में नेता-प्रतिपक्ष, पश्चिम सीट से दावेदारी कर चुकी हैं।

इसके अलावा, उज्जवल दीपक और सांसद बृजमोहन के करीबी मनोज शुक्ला भी दावेदारों में शामिल थे।

नामांकन प्रक्रिया शुरू 

बता दें कि रायपुर दक्षिण विधानसभा उप निर्वाचन 2024 (Raipur South Assembly By-Election) के लिए नामांकन प्रक्रिया 18 अक्टूबर से शुरू हो गई है। पहले दिन आठ प्रत्याशियों ने नामांकन आवेदन पत्र खरीदे। संभावित उम्मीदवारों को 19 अक्टूबर को भी नामांकन आवेदन खरीदने की अनुमति मिलेगी, और वे भरे हुए नामांकन पत्रों को रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष जमा कर सकते हैं।

21 जून को रिक्त हुई थी ये सीट

रायपुर दक्षिण विधानसभा सीट को 21 जून को रिक्त घोषित किया गया था। इस सीट से भाजपा के बृजमोहन अग्रवाल विधायक चुने गए थे, जिन्होंने 17 जून को विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया था।

Related Articles

Back to top button