मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

धान खरीदी के दूसरे दिन ही बालोद प्रदेश में नंबर-1: 67,125 क्विंटल धान खरीदा, राजनांदगांव और महासमुंद पीछे छूटे

पहले दिन दूसरे स्थान पर था जिला; कलेक्टर की निगरानी और खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं का दिखा असर

रायपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के शुरुआती दो दिनों में ही बालोद जिले ने प्रदेश में अपनी बढ़त बना ली है। पहले दिन दूसरे स्थान पर रहने वाला बालोद दूसरे ही दिन सबसे ज्यादा धान खरीदने वाला जिला बन गया। यहां अब तक 67,125 क्विंटल धान की खरीदी दर्ज की गई है। इस आंकड़े के साथ बालोद ने राजनांदगांव और महासमुंद को पीछे छोड़ दिया है।

धान खरीदी के आंकड़ों के मुताबिक, राजनांदगांव 64,095 क्विंटल के साथ दूसरे और महासमुंद 56,454 क्विंटल धान की खरीदी के साथ तीसरे स्थान पर है। शुरुआती दिनों में बालोद की इस उपलब्धि को जिला प्रशासन की तैयारियों और खरीदी केंद्रों की लगातार निगरानी का नतीजा माना जा रहा है।

कलेक्टर की निगरानी में केंद्रों की व्यवस्था

धान खरीदी शुरू होने से पहले ही कलेक्टर दिव्या मिश्रा ने जिले के उपार्जन केंद्रों में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए थे। खरीदी के दौरान बारदाने की उपलब्धता, तौल, टोकन व्यवस्था, धान परिवहन और भंडारण पर विशेष नजर रखी जा रही है। कलेक्टर खुद खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रही हैं।

समिति प्रबंधकों और संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की गई है। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसानों को धान बेचने में परेशानी न हो और खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से चलती रहे।

पूरे सीजन बढ़त बनाए रखने की चुनौती

प्रशासन का जोर पारदर्शी खरीदी और किसानों से धान का एक-एक दाना खरीदने पर है। शुरुआती दो दिनों में प्रदेश में पहला स्थान हासिल करने के बाद अब बालोद प्रशासन के सामने पूरे खरीदी सीजन में यही प्रदर्शन बनाए रखने की चुनौती होगी।

Related Articles

Back to top button