युवा मितान क्लब के खर्चों पर लगा प्रतिबंध

रायपुर। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शुरू की गई राजीव युवा मितान क्लब योजना को राज्य की नई भाजपा सरकार ने करारा झटका दिया है। संचालक खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आज जारी एक आदेश के तहत राजीव युवा मितान क्लबों को प्रदत्त राशि के अंतरण एवं समस्त प्रकार के व्यय पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया गया है।
अब देना होगा खर्चों का हिसाब
युवा मितान क्लब को आज की स्थिति में किसी भी कार्य के लिए प्रदत्त राशि के उपयोग की अनुमति नहीं होगी। राज्य के समस्त जिला कलेक्टरों को जारी निर्देश के अनुसार राजीव युवा मितान क्लब योजना अंतर्गत अब तक विभिन्न व्यय की जानकारी और व्यय की गई राशि का उपयोगिता प्रमाण पत्र प्रेषित करने को कहा गया है।
दो साल में बांट दिए थे 132 करोड़
गौरतलब है कि राजीव गांधी युवा मितान क्लब योजना के तहत बीते 02 सालों में राज्य के 13 हजार 269 क्लबों को कुल 132 करोड़ रूपए की राशि जारी की गई थी। इस आदेश के बाद जिला स्तरीय एवं अनुभाग स्तरीय समितियों तथा मितान क्लबों के खातों में आज की स्थिति में उपलब्ध राशि के अंतरण एवं व्यय पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है।



