मिलरों का योगेश गुट भी काम पर लौटा

राइस मिलर्स ने सीएमआर कार्य शुरू करने का किया अनुरोध
रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश राइस मिलर्स एसोसिएशन ने सरकार के साथ बकाया भुगतान और अन्य विषयों के समाधान पर असमर्थता व्यक्त करते हुए एक महत्वपूर्ण पत्र जारी किया है। इस पत्र में एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि राज्य सरकार द्वारा 2022-23 के प्रोत्साहन राशि भुगतान में देरी के कारण मिलर्स कार्य शुरू करने में असमर्थ हैं।
एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेश अग्रवाल ने जानकारी दी कि 2022-23 की प्रोत्साहन राशि भुगतान को लेकर सरकार के समक्ष प्रमुख मांगें रखी गई थीं। हालांकि, तकनीकी समस्याओं के चलते राज्य सरकार ने 2023-24 की पहली किस्त का भुगतान करने का निर्णय लिया है।
श्री अग्रवाल ने बताया कि कस्टम मिलिंग कार्य अपूर्ण रहने के कारण 2023-24 का भुगतान जल्द होने पर संशय बना हुआ था। इसकी जानकारी सरकार को दे दी गई थी। लेकिन अब राज्य सरकार ने शीघ्र भुगतान का रास्ता तैयार कर लिया है और 2022-23 के लंबित भुगतान को भी जल्द जारी करने का भरोसा दिया है।
प्रदेश एसोसिएशन ने सभी राइस मिलर्स से अपील की है कि सरकार पर भरोसा रखते हुए तुरंत सीएमआर कार्य शुरू करें और राज्य सरकार के साथ सहयोग करें। एसोसिएशन ने प्रदेश के मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष और पूरी सरकार को भुगतान संबंधी गतिरोध दूर करने के लिए धन्यवाद दिया है।



