12 अक्टूबर को मुंबई में होगी टीपीएल नीलामी, आठ टीमें लेंगी हिस्सा

मुंबई। भारतीय टेनिस दिग्गज रोहन बोपन्ना और अंतरराष्ट्रीय सितारे रोमन बुरुचागा तथा रिंकी हिजिकाता समेत आठ खिलाड़ियों को किआ टेनिस प्रीमियर लीग के आठवें सत्र के लिए मार्की खिलाड़ी घोषित किया गया है। खिलाड़ियों की नीलामी 12 अक्टूबर को मुंबई के फोर सीजन्स होटल में होगी।
आठ फ्रेंचाइजी—मुंबई रॉयल्स, राजस्थान रेंजर्स, गुरुग्राम ग्रैंड स्लैमर्स, कोलकाता थंडर ब्लेड्स, लखनऊ ब्लेजर्स, हैदराबाद स्ट्राइकर्स, गुजरात पैंथर्स और जीएस दिल्ली एसेस—नीलामी में अपने मार्की खिलाड़ियों के इर्द-गिर्द टीम तैयार करेंगी।
गुरुग्राम ग्रैंड स्लैमर्स की ओर से खेलेंगे 46 वर्षीय रोहन बोपन्ना मार्की खिलाड़ियों में सबसे बड़ा नाम हैं। बोपन्ना पुरुष युगल में पूर्व विश्व नंबर एक और दो बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन हैं।
उन्होंने 2017 फ्रेंच ओपन में मिश्रित युगल और 2024 ऑस्ट्रेलियन ओपन में पुरुष युगल का खिताब जीता था। पद्मश्री और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित बोपन्ना भारतीय टेनिस के सबसे सफल खिलाड़ियों में शामिल हैं।
बोपन्ना ने कहा, “मैं टीपीएल में वापस आने को लेकर वास्तव में उत्साहित हूं। हर साल लीग मजबूत होती जा रही है और मुझे टीम का माहौल तथा इस प्रारूप से मिलने वाली ऊर्जा बहुत पसंद है।
इस साल मुकाबला बहुत कड़ा होगा, जिसमें अनुभवी खिलाड़ियों और युवा भारतीय प्रतिभाओं का शानदार मिश्रण है।
हैदराबाद का टेनिस से हमेशा मजबूत जुड़ाव रहा है, इसलिए मुझे यकीन है कि यहां का माहौल इसे और खास बनाएगा। मैं प्रतिस्पर्धा करने, अनुभव का आनंद लेने और फिर से कोर्ट पर उतरने को लेकर उत्साहित हूं।”
कोलकाता थंडर ब्लेड्स का प्रतिनिधित्व अर्जेंटीना के रोमन बुरुचागा करेंगे। 24 वर्षीय बुरुचागा फिलहाल विश्व रैंकिंग में 60वें स्थान पर हैं और इस साल करियर की सर्वश्रेष्ठ 56वीं रैंकिंग हासिल कर चुके हैं। वह एटीपी टूर पर नियमित रूप से खेल रहे हैं और इस सत्र में उन पर खास नजर रहेगी।
राजस्थान रेंजर्स के मार्की खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया के रिंकी हिजिकाता होंगे। हिजिकाता ने 2023 ऑस्ट्रेलियन ओपन पुरुष युगल का खिताब जीता है।
वह 2025 विंबलडन पुरुष युगल के फाइनल में भी पहुंचे थे और पुरुष युगल में करियर की सर्वश्रेष्ठ 23वीं रैंकिंग हासिल कर चुके हैं।
वर्तमान में एकल में विश्व के 82वें नंबर के खिलाड़ी हिजिकाता का एकल अनुभव और ग्रैंड स्लैम युगल सफलता राजस्थान रेंजर्स के लिए अहम होगी।
हिजिकाता ने कहा, “मैं राजस्थान रेंजर्स का हिस्सा बनने और इस सत्र में किआ टीपीएल में पदार्पण करने को लेकर बहुत उत्साहित हूं।
25 अंक का प्रारूप लीग को बेहद रोमांचक बनाता है और मैं हैदराबाद में मिलने वाली ऊर्जा का अनुभव करने के लिए उत्सुक हूं।”
मुंबई रॉयल्स की अगुवाई फ्रांस के टेरेन्स अतमान करेंगे, जिन्हें “द मैजिशियन” के नाम से जाना जाता है। 24 वर्षीय अतमान ने इस साल करियर की सर्वश्रेष्ठ 41वीं विश्व रैंकिंग हासिल की है।
लखनऊ ब्लेजर्स ने चेक गणराज्य के डालिबोर स्वर्चिना को लगातार दूसरे सत्र के लिए अपना मार्की खिलाड़ी बनाया है। स्वर्चिना की करियर की सर्वश्रेष्ठ एकल रैंकिंग 86वीं रही है।
हैदराबाद स्ट्राइकर्स के मार्की खिलाड़ी क्रोएशिया के डिनो प्रिज्मिक होंगे। पूर्व जूनियर विश्व नंबर एक और 2023 रोलां गैरो बालक एकल चैंपियन प्रिज्मिक ने इस साल करियर की सर्वश्रेष्ठ 70वीं रैंकिंग हासिल की है।
गत चैंपियन जीएस दिल्ली एसेस की ओर से ऑस्ट्रेलिया के एडम वाल्टन खेलेंगे। वाल्टन की करियर की सर्वश्रेष्ठ विश्व रैंकिंग 74 रही है और उनके पास एटीपी टूर तथा ग्रैंड स्लैम प्रतियोगिताओं का व्यापक अनुभव है।
गुजरात पैंथर्स की ओर से फ्रांस के अलेक्जांद्र मुलर लगातार दूसरे सत्र में खेलेंगे। 29 वर्षीय मुलर इस लाइन-अप के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में से एक हैं और उनकी करियर की सर्वश्रेष्ठ विश्व रैंकिंग 38 रही है।
किआ टेनिस प्रीमियर लीग का आठवां सत्र 8 से 13 दिसंबर तक हैदराबाद के एलबी टेनिस स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबले प्रतिदिन शाम 4:30 बजे से शुरू होंगे और जियोहॉटस्टार पर सीधा प्रसारण किया जाएगा।
लीग में पुरुष एकल, महिला एकल, पुरुष युगल और मिश्रित युगल को शामिल करते हुए 25 अंक प्रति मैच का तेजतर्रार टीम प्रारूप जारी रहेगा।



