भाजपा का नया फार्मूला, अब हर माह हाेगी विधायक दल की बैठक

रायपुर(realtimes) प्रदेश भाजपा में बड़़े बदलाव के बाद अब भाजपा की रणनीति भी नए सिरे से प्रारंभ हाे रही है। छत्तीसगढ़ विधानसभा में नए नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल का कहना है, अब महज विधानसभा सत्र के दौरान ही भाजपा विधायक दल की बैठक नहीं होगी, बल्कि हर माह बैठक की जाएगी। इसमें जनहित के मुद्दों पर चर्चा होगी। यह फैसला भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ चर्चा के बाद किया गया है।
भाजपा ने इस माह प्रदेशाध्यक्ष के साथ ही नेता प्रतिपक्ष भी बदला है। नए नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल ने कहा है कि अब विधायक दल की बैठक को लेकर नया फार्मूला तय किया गया है। उनका कहना है कि अब तक यही परंपरा रही कि विधायक दल की बैठक विधानसभा सत्र होने पर ही की जाती है। ऐसा होने से जनहित के कई मुद्दों पर ज्यादा बात नहीं हो पाती है। जनहित के मुद्दे तो लगातार आते रहते हैं। इन पर गंभीरता से चर्चा करने को लेकर ही नई रणनीति के तहत अब हर माह विधायक दल की बैठक होगी। इसमें प्रदेशभर के जनहित के मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। जिन मुद्दों को लेकर आंदोलन करने की जरूरत होगी, उस पर आंदोलन भी करेंगे। अगर किसी मुद्दे पर तत्काल प्रदेश सरकार का ध्यान आकर्षित करने की जरूरत होगी तो वह भी भाजपा विधायक दल करेगा। भाजपा जनता की आवाज बनने का काम करेगी।


