10 सरकारी नौकरियों में सिर्फ 1 पद पर महिला, राहुल गांधी बोले- महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण देगी कांग्रेस - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
national

10 सरकारी नौकरियों में सिर्फ 1 पद पर महिला, राहुल गांधी बोले- महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण देगी कांग्रेस

कांग्रेस ने फैसला किया है कि सभी नई सरकारी नौकरियों में आधी भर्तियां महिलाओं के लिए आरक्षित कर दी जाएं। हम संसद और विधानसभा में भी महिला आरक्षण को तुरंत लागू करने के पक्ष में हैं: राहुल गांधी

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव से पूर्व देश में महिला आरक्षण को लेकर एक बार फिर बहस छिड़ गई है। केंद्र की मोदी सरकार ने महिला आरक्षण विधेयक पारित करने के बावजूद इसे लागू नहीं कर सकी है। वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ऐलान किया है कि कांग्रेस सरकार आने पर शासकीय नौकरियों में महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा।

राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘आज भी 3 में से सिर्फ 1 महिला के हाथ में रोज़गार क्यों है? 10 सरकारी नौकरियों में से बस 1 पद पर महिला क्यों है? क्या भारत में महिलाओं की आबादी 50% नहीं है? क्या हायर सेकेंडरी और हायर एजुकेशन तक महिलाओं की मौजूदगी 50% नहीं है? अगर है तो फिर सिस्टम में उनकी हिस्सेदारी इतनी कम क्यों?’

राहुल गांधी ने आगे लिखा, ‘कांग्रेस चाहती है – ‘आधी आबादी, पूरा हक़’, हम समझते हैं कि महिलाओं की क्षमता का पूरा उपयोग तभी होगा जब देश को चलाने वाली सरकार में महिलाओं का बराबर योगदान होगा।इसलिए कांग्रेस ने फैसला किया है कि सभी नई सरकारी नौकरियों में आधी भर्तियां महिलाओं के लिए आरक्षित कर दी जाएं। हम संसद और विधानसभा में भी महिला आरक्षण को तुरंत लागू करने के पक्ष में हैं।’

राहुल गांधी ने आगे लिखा, ‘सुरक्षित इनकम, सुरक्षित भविष्य, स्टेबिलिटी और आत्मसम्मान से भरी महिलाएं सही मायने में समाज की शक्ति बनेंगी। 50% सरकारी पदों पर महिलाओं का होना देश की हर महिला को ताकत देगा और ताकतवर महिलाएं भारत की तकदीर बदल देंगी।’

Related Articles

Back to top button