Herkey ने जुटायी 40 लाख डॉलर की पूंजी

बेंगलूरु : महिलाओं के लिए करियर एंगेजमेंट प्लेटफॉर्म हरकी ने कलारी, 360 वन असेट (पूर्व में आईआईएफएल असेट मैनेजमेंट) और एंजेल निवेशकों जैसे जिया मोदी, पुनीत डालमिया, प्रमित झावेरी, अदिति एवं सुचि कोठारी, केपी बलराज, रंजन पई, नीरज बजाज, आकाश भंसाली एवं अन्य से 40 लाख डॉलर की पूंजी जुटाने की घोषणा की है।
कंपनी ने आज यहां यह घोषणा करते हुये कहा कि हरकी ने स्वयं को एक ऐसे करियर एंगेजमेंट प्लेटफॉर्म में तब्दील किया है जो भारत में महिलाओं को करियर के क्षेत्र में चैंपियन से जोड़कर उनके लिए अवसर सृजित करती करती और सीखने एवं समुदायों में शामिल होने की सुविधा देती है। इस प्लेटफॉर्म का प्रयास भारतीय कार्यबल में लिंग भेद की समस्या से निपटना है जहां केवल 20 प्रतिशत महिलाएं श्रम बल में हिस्सा लेती है, जबकि चीन में यह 60 प्रतिशत और अमेरिका में 55 प्रतिशत है। यह कंपनी महिलाओं को एक विराम के बाद दोबारा करियर शुरु करने में समर्थ बनाकर प्रारंभ हुई और अब यह महिलाओं को करियर शुरु करने, दोबारा करियर शुरु करने और करियर में आगे बढ़ने में समर्थ बनाकर आगे बढ़ रही है।
हरकी की संस्थापक और सीईओ नेहा बगारिया ने इसपर उत्साह व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘भारत में महिलाओं के लिए और अधिक समावेशी कार्यबल का सृजन करने में हमारा सहयोग करने के लिए हम हमारे निवेशकों के बेहद आभारी हैं। यह कंपनी देशभर में 35 लाख से अधिक महिलाओं को सेवा दे रही है और कंपनी की योजना यह स्तर बढ़ाकर भारत में तीन करोड़ महिलाओं को सशक्त बनाने की है। कंपनियां महिला उम्मीदवारों के संपूर्ण करियर चक्र में भर्ती से लेकर उन्हें बनाए रखने और पदोन्नति तक हरकी के प्लेटफॉर्म का उपयोग करती हैं।’’



