दुर्ग में 11 को होने वाली बैठक में भाजपा राष्ट्रीय संगठन के निर्देश पर बनेगी बूथों को मजबूत करने की रणनीति

रायपुर(realtimes) भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति के बाद अब प्रदेश पदाधिकारियों की 11 जुलाई को दुर्ग में होने वाली बैठक में बूथों को मजबूत करने की रणनीति बनेगी। राष्ट्रीय संगठन ने बूथों को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। इस बैठक में राष्ट्रीय सहसंगठन महामंत्री शिवप्रकाश के साथ ही प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी और सहप्रभारी नितिन नवीन भी शामिल होंगे। इस बैठक में राष्ट्रीय कार्यसमिति में तय हुई कार्ययोजना की सभी को जानकारी दी जाएगी।
भाजपा का राष्ट्रीय संगठन इस साल और अगले साल जिन राज्यों में चुनाव हैं, उन राज्यों के साथ सभी राज्यों में बूथों को मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रहा है क्योंकि 2024 में लोकसभा के चुनाव भी हैं। इन सबकाे देखते हुए ही भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति में बूथों को मजबूत करने पर फोकस रहा। सभी राज्यों को अपने राज्यों में इस पर काम करने कहा गया है। ऐसे में भाजपा के प्रदेश संगठन ने इसके लिए 11 जुलाई को बैठक रखी है।
तय होगी कार्ययोजना
दुर्ग में होने वाली बैठक में अगले तीन माह की कार्ययोजना बनेगी। इसमें कब-कब क्या होगा इसको लेकर सभी पदाधिकारियों को जानकारी दी जाएगी। इसी के साथ बूथों को और किस तरह से मजबूत किया जाएगा इसको लेकर राष्ट्रीय नेताओं का मार्गदर्शन मिलेगा। प्रदेश में पहले से ही बूथों को मजबूत करने काे राष्ट्रीय सहसंगठन महामंत्री शिवप्रकाश के निर्देश पर काम चल रहा है। भाजपा के सभी छोटे-बडे नेता बूथों में पहले सौ घंटे और इसके बाद 75 घंटे दे चुके हैं। अब बैठक में तय होगा कि आगे किन नेताओं को कितना और समय बूथों को मजबूत करने के लिए देना है और वहां जाकर और क्या करना है।
ये रहेंगे बैठक में
बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदेव साय, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, प्रदेश संगठन के सभी पदाधिकारी, पूरा कोर ग्रुप, सांसद, विधायक, सभी संभाग और जिलों के प्रभारी, सभी जिला अध्यक्ष, मोर्चा, प्रकोष्ठ के अध्यक्ष, संयोजक उपस्थित रहेंगे।



