छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में बर्ड फ्लू फैला - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में बर्ड फ्लू फैला

बैकुंठपुर/रायपुर। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर के शासकीय कुक्कुट पालन केंद्र में बर्ड फ्लू (एवियन एन्फ्लुएन्जा) फैल गया है। इसकी पुष्टि भोपाल स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट आॅफ हाई सिक्योरिटी एनिमल डिजीज ने की है। इसकी रिपोर्ट सोमवार को विभाग को मिली। इस रिपोर्ट के मिलने के बाद जिला कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश के बाद बीती रात आपातकालीन बैठक कर शासकीय कुक्कुट पालन केंद्र के सभी चूजों, अंडों, मुर्गियों और बटेरों को नष्ट कर दिया गया है।

बैकुण्ठपुर स्थित शासकीय कुक्कुट पालन प्रक्षेत्र में एवियन इन्फ्लूएंजा के संक्रमण की पुष्टि होने के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक किलोमीटर की परिधि को इन्फेक्टेड जोन और एक से 10 किलोमीटर की परिधि को सर्विलांस जोन घोषित कर दिया है। मुर्गे-मुर्गियों और अंडों की बिक्री पर रोक लगा दी गई है। साथ ही पोल्ट्री और सह उत्पादों (मुर्गा, अंडा आदि) के बाजार और दुकानें बंद कर दी गई हैं। कलेक्टर चन्दन त्रिपाठी ने मंगलवार को बर्ड फ्लू के सम्बन्ध में प्रेस कांफ्रेंस कर उक्त जानकारी साझा की।

कलेक्टर ने बताया कि यह आदेश तीन महीने तक या आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगा। इन्फेक्टेड जोन (एक किलोमीटर) पूर्व दिशा में बैकुण्ठपुर से जनकपुर, पश्चिम दिशा में बैकुण्ठपुर से धौराटिकरा, उत्तर दिशा में बैकुण्ठपुर से खुटहनपारा और दक्षिण दिशा में बैकुण्ठपुर से एमएलए नगर तक है वहीं सर्विलेन्स जोन (1 से 10 किलोमीटर) इन्फेक्टेड जोन की सीमा से महोरा पुल से शंकरपुर, छरछा बस्ती और बड़गांव तक होगी। उन्होंने बताया कि पोल्ट्री उत्पादों पर प्रतिबंध इन्फेक्टेड जोन से पोल्ट्री उत्पादों की आवाजाही पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दी गई है। इसके अलावा, सर्विलेन्स जोन में पोल्ट्री और सह उत्पादों (मुर्गा, अंडा आदि) के बाजार और दुकानें बंद कर दी गई हैं। डोर-टू-डोर डिलीवरी भी रोक दी गई है।

कलेक्टर ने बताया कि 31 मार्च 2025 की स्थिति में 2,487 नग व्यस्क पेरेंट्स स्टॉक मुर्गे/ मुर्गियां, 2,448 पाले गए बटेर पक्षियों, 9,998 नग कुक्कुट चूजों, 19095 कुक्कुट अंडे, 200 बटेर अंडे और 7500 किलो कुक्कुट आहार को बीती देर रात विनष्टीकरण किया गया है। कलेक्टर ने बताया कि प्रत्येक कर्मचारी नियमित रूप से ओसेल्टामिविर टेबलेट का वितरण कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि बर्ड फ्लू के दौरान क्रय-विक्रय पर प्रतिबंध लगाया गया है।

Related Articles

Back to top button