कांग्रेस विधायक यादव गिरफ्तार, बलौदाबाजार कांड

रायपुर (realtimes) भिलाई के कांग्रेस विधायक देवेंद्र सिंह यादव को बलौदाबाजार कांड में शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में पुलिस कई दिनों से उन्हें थाने तलब कर रही थी, लेकिन वे एक बार भी हाजिर नहीं हुए थे। आखिरकार पुलिस ने उन्हें भिलाई में उनके निवास पर ही घेरा, माैजूद कांग्रेसियों ने पुलिस का भारी विरोध भी किया था, लेकिन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया ।
बलौदाबाजार कांड
10 जून को बलाैदाबाजार में सतनामी समाज के लोगों ने अपने धर्म स्थलों को नुकसान पहुंचाए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया था। हजारों की संख्या में यहां जुटी भीड़ हिंसक और उग्र हो गई थी। भीड़ ने कलेक्टर-एसपी कार्यालय को जला दिया, कुछ और सरकार दफ्तरों में आगजनी के साथ चार साै के करीब वाहन जला दिए गए थे। इस मामले में सतनामी समाज के लोगों सहित करीब 150 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
भिलाई विधायक का कनेक्शन क्या
बलाैदाबाजार में विरोध प्रदर्शन के पहले एक बड़ी सभा रखी गई थी। इस सभा में राजनीतिक व सामाजिक संगठनों के लोग शामिल हुए थे। यह स्थानीय प्रशासन के खिलाफ भड़काऊ बयानात दिए गए। विधायक देवेंद्र सिंह यादव का कनेक्शन मामले में इस तरह हुआ। खुद उन्होंने बताया कि उस दिन वे दौरे पर जा रहे थे, रास्ते में जाते-जाते थोड़ी देर के लिए प्रदर्शन में शामिल हुए और फिर आगे दौरे पर निकल गए।
पुलिस बुला रही थी.. लेकिन नहीं गए
हिंसा आगजनी मामले की जांच के सिलसिले में विधायक यादव को पुलिस नोटिस देकर बुला रही थी, वे जाने को तैयार नहीं थे, पहली-दूसरी नोटिस के दिन तो वे पार्टी नेताओं के साथ डीजीपी कार्यालय में हाजिर हो गए थे। भिलाई के दूसरी बार के विधायक यादव को पिछली कांग्रेस सरकार के घोटालों से संबंधित मामलों में कई बार बुलाने की कोशिश होती रही है, लेकिन वे हर बार बचने में सफल रहे हैं। राज्य में भाजपा सरकार के गठन के बाद गिरफ्तार होने वाले वे पहले विधायक होंगे।



