शामली में सिंगर अंकित बालियान की हत्या:

शामली। उत्तर प्रदेश के शामली स्थित सदर कोतवाली क्षेत्र के नालापटरी आर्यपुरी में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की सरेआम गोली मारकर हत्या करने के मामले में एक बड़ा अपडेट सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक पोस्ट में हरियाणा के गोगी गैंग ने इस हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। पोस्ट के मुताबिक, अंकित गैंग के दुश्मनों के संपर्क में था और उसने गोगी गैंग से जुड़ी एक घटना पर गाना भी बनाया था। इस वारदात और धमकी भरे पोस्ट के बाद पुलिस की चुनौती बढ़ गई है।
कनाडा में बैठे भोलू शाहपुरिया के अकाउंट से हुआ पोस्ट
अंकित बालियान की हत्या की जिम्मेदारी का दावा भोलू शाहपुरिया के इंस्टाग्राम अकाउंट से किया गया है। भोलू शाहपुरिया मूल रूप से हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला है और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा है। वह इस समय कनाडा के टोरंटो में बैठकर अपना गैंग ऑपरेट कर रहा है। वायरल पोस्ट में साफ लिखा है कि अंकित उनके विरोधियों से मिला हुआ था और उसने उनकी गैंग से जुड़ी घटना पर गाना तैयार किया था।
पोस्ट में दी आगे भी हमला करने की धमकी
सोशल मीडिया पर सामने आए इस पोस्ट के आखिर में लिखा है, “ये अभी शुरुआत है, सबका नंबर आएगा।” इस लाइन के जरिए आगे भी अन्य लोगों को निशाना बनाने की खुली धमकी देने का दावा किया गया है। इस सनसनीखेज पोस्ट के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। हालांकि, पुलिस प्रशासन सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इस पोस्ट की सत्यता की बारीकी से जांच कर रहा है।
सरेआम गोलियां बरसाकर की गई थी हत्या, सड़क पर लगा था जाम
यह वारदात शामली के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित नालापटरी आर्यपुरी में हुई थी। हमलावरों ने सरेआम अंकित बालियान पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं और घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल अंकित की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई। हत्या की खबर फैलते ही पूरे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर जाम लगा दिया। बाद में पुलिस अधिकारियों के मौके पर पहुंचकर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद ही जाम खोला जा सका।
पुलिस जांच में खुलेगा असली वजह का राज
अंकित बालियान हत्याकांड में सोशल मीडिया पर सामने आई इस कथित गैंग पोस्ट ने पूरे मामले को बेहद गंभीर बना दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि हत्या के पीछे असली वजह क्या थी। साथ ही पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस वायरल पोस्ट को करने वाले तत्वों की वारदात में असल में क्या भूमिका है।



