सांसद पांडेय ने लोकसभा में सट्टे की केंद्रीय एजेंसी से जांच की रखी मांग
रायपुर। सांसद संतोष पांडेय ने गुरुवार को छत्तीसगढ़ में ऑनलाइन सट्टे में राज्य सरकार के अफसरों की संलिप्तता का उल्लेख करते हुए इसकी जांच कोयला घोटाले की तरह केंद्रीय स्तर पर कराने की मांग की।
श्री पांडेय ने शायराना अंदाज में छत्तीसगढ़ की जनता का दर्द बयां करते हुए कहा, मांझी छला गया था पहले अपनी ही पतवारों से, राह में सहसा डोली लुट गई धोखेबाज कहारों से। उन्होंने कहा, छत्तीसगढ़ जिन हाथों को सौंपा गया, वे ही छत्तीसगढ़ को लूट रहे हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ में बढ़ते अपराध, कोयला घोटाला, अवैध शराब बिक्री, सट्टा और जुआ में शासकीय अधिकारियों की संलिप्तता एवं प्रदेश में हो रहे भ्रष्टाचार को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला।
श्री पांडेय ने कहा, जिस प्रकार ईडी ने छत्तीसगढ़ में कोयला में हुए भ्रष्टाचार की जांच की, उसी प्रकार शराब में हो रहे भ्रष्टाचार और महादेव एप जैसे ऑनलाइन सट्टा में संलिप्त अधिकारियों के खिलाफ केंद्र सरकार जांच कराए।
श्री पांडेय ने कहा रेत, माफिया भू माफिया ,जंगल माफिया, छत्तीसगढ़ में आम बात हो गई है। भगवान के नाम पर शंकर जी महादेव के नाम पर सट्टा जुआ मुख्यमंत्री गृह मंत्री के जिले से संचालित हो रहा है।



