राजधानी रायपुर के कई मार्गों के तार अगले माह से होंगे अंडर ग्राउंड - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
City

राजधानी रायपुर के कई मार्गों के तार अगले माह से होंगे अंडर ग्राउंड

रायपुर(realtimes) राजधानी रायपुर के कई मार्गाें के बिजली के तार अब अगले माह से अंडर ग्राउंड होने लगेंगे। इसके लिए टेंडर हो गया है। इसको अगस्त के पहले सप्ताह में खोलकर फाइनल किया जाएगा और काम प्रारंभ होगा। जो योजना बनी है उस पर भी महंगाई की मार भी पड़ी है। जब चार माह पहले मार्च में योजना बनाई गई थी तब इसके लिए 25 करोड़ का स्टीमेट बना था, लेकिन अब योजना में 31 करोड़ लग रहे हैं। छह करोड़ की अंतर की राशि भी स्मार्ट सिटी ने छत्तीसगढ़ राज्य पॉवर कंपनी को दे दी है।

राजधानी रायपुर के ज्यादातर मार्गों में बिजली के तारों का जाल बिछा हुआ है। इसकी वजह से बहुत परेशानी का सामना करना पड़ता है। खासकर बाजारों के तारों से ज्यादा परेशानी होती है। करीब डेढ़ दशक पहले बाजारों को तारों से मुक्त करने की योजना बनाई गई लेकिन यह योजना पूरी नहीं हो सकी। अब एक बार फिर से योजना बनाई गई है। इस बार योजना के पूरे होने की संभावना है, क्योंकि इस बार तो बकायदा इसके लिए फंड भी दे दिया गया है। पिछली योजना में फंड की कमी के कारण योजना खटाई में पड़ गई थी। इसके लिए आधा दर्जन मार्गों का चयन किया गया है।

बढ़ गया छह कराेड़ बजट

स्मार्ट सिटी को जब छत्तीसगढ़ राज्य पॉवर कंपनी ने योजना के लिए मार्च 2022 में स्टीमेट बनाकर भेजा तब इसके लिए 25 करोड़ लग रहे थे। ऐसे में स्मार्ट सिटी ने 25 करोड़ का फंड दे दिया, लेकिन जब योजना को प्रारंभ करने की बारी आई तो मालूम हुआ कि बजट में मटेरियलों के महंगे होने के कारण छह करोड़ का इजाफा हो गया है। ऐसे में पॉवर कंपनी ने अंतर की राशि की मांग स्मार्ट सिटी से की तो स्मार्ट सिटी ने यह राशि भी दे दी। इसके बाद नए सिरे से टेंडर किया गया। जो टेंडर किए गए हैं उसमें से एक पहली अगस्त को और दूसरा पांच अगस्त को खोला जाएगा। अगर टेंडर में किसी तरह तकनीकी परेशानी नहीं हुई तो इसको फाइनल कर दिया जाएगा।

ये मार्ग होंगे तारों से मुक्त

जिन आधा दर्जन मार्गों को पहले चरण में तारों से मुक्त करने के लिए चुना गया है, उसमें सबसे अहम जयस्तंभ चौक से मालवीय रोड का मार्ग है। इसी के साथ जयस्तंभ चौक से फाफाडीह तक भी तारों को हटाकर अंडरग्राउंड किया जाएगा। राजीव गांधी मार्ग से शास्त्री चौक के साथ ही लाखेनगर से तीन तरफ के मार्ग पहला लाखेनगर से बूढ़ेश्वर मंदिर चौक, लाखेनगर से आमापारा और लाखेनगर से जोन पांच कार्यालय होते हुए वंदना आटो तक का मार्ग शामिल है।

Related Articles

Back to top button