भानुप्रतापपुर उपचुनाव के लिए भाजपा ने तय किया पांच नामों का पैनल

रायपुर(realtimes) भानुप्रतापपुर में होने वाले उपचुनाव के लिए प्रदेश भाजपा चुनाव समिति की बैठक में पांच नामों का पैनल बनाकर दिल्ली भेजा गया है। अब वहां से एक-दो दिनों में प्रत्याशी का नाम तय होने पर ऐलान किया जाएगा।
भानुप्रतापपुर उपचुनाव के लिए नामांकन भरने का क्रम प्रारंभ हो गया है। नामांकन की अंतिम तिथि 17 नवंबर है। अब तक कांग्रेस और भाजपा ने अपने प्रत्याशियों का ऐलान नहीं किया है। कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक पहले ही हो चुकी है। अब आज यहां पर भाजपा चुनाव समिति की लंबी बैठक हुई। बैठक के बाद प्रदेशाध्यक्ष अरूण साव ने बताया, 17 दावेदारों के नाम पर्यवेक्षकों ने चुनाव समिति के सामने रखे। चर्चा के बाद इसमें से पांच नामों का पैनल बनाकर राष्ट्रीय चुनाव समिति को भेजा जा रहा है। वहां से प्रत्याशी का नाम तय होगा।
ये रहे उपस्थित
बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव, भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह, महामंत्री संगठन पवन साय, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, राज्य सभा सांसद सरोज पांडेय, पर्यवेक्षक रामविचार नेताम, संतोष पांडे, शिवरतन शर्मा, रंजना साहू के अलावा मोहन मंडावी, गौरीशंकर अग्रवाल, विक्रम उसेंडी, पुन्नूलाल मोहिले, केदार कश्यप, ओपी चौधरी विजय शर्मा उपस्थित थे।



