भाजपा कोर कमेटी में मोर्चा को अलग-अलग आंदोलन का जिम्मा सौंपने का फैसला

रायपुर। भाजपा कोर कमेटी की बैठक में चुनाव को लेकर रोडमैप तैयार किया गया। इसमें सबसे पहले प्रदेश सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करने का फैसला किया। प्रधानमंत्री आवास के बड़े आंदोलन की तरह ही शराबबंदी, बेरोजगारी भत्ता, तेंदूपत्ता और किसानों के मुद्दे पर बड़े आंदोलन करने का फैसला किया गया। इसके लिए अलग-अलग मोर्चा को जिम्मा दिया गया है। सामाजिक न्याय सप्ताह के तहत सभी बड़े नेताओं को जिलों में जाने का फरमान राष्ट्रीय नेताओं ने जारी किया है।
ठाकरे परिसर में शनिवार की शाम तो राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नितिन नवीन और क्षेत्रीय महामंत्री अजय जामवाल ने कोर कमेटी की बैठक ली। बैठक में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव में जीत की रणनीति पर मंथन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा, मोर आवास मोर अधिकार अभियान की सफलता ने छत्तीसगढ़ में राजनीतिक मौसम बदल दिया है। इस अभियान को प्रदेश भर में हर विधानसभा क्षेत्र में मिले प्रबल जन समर्थन से भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर है।
स्थानीय मुद्दों पर फोकस: रमन
बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने कहा, विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति बनी है। उन्होंने कहा, बैठक में सभी मुद्दों पर चर्चा हुई है। पार्टी एक विस्तृत कार्ययोजना बनाकर सामाजिक सुरक्षा पखवाड़ा मनाएगी। अब विधानसभा चुनाव पर फोकस करना है, उनके स्थानीय मुद्दों पर फोकस करना है, इस पर कार्य योजना बनी है। डा. सिंह ने कहा कि स्थानीय मुद्दे को आधार बनाकर आंदोलन होगा। पीएम आवास, शराबबंदी, बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर आम जनता के बीच जाएंगे। कोर कमेटी की बैठक में राष्ट्रीय संगठन नेताओं ने मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा इस बार हमें अपना गौरव पुनः प्राप्त करना है और छत्तीसगढ़ की जनता को कांग्रेस सरकार के भ्रष्ट और अराजक राज से मुक्त कराने पूरी ताकत झोंकना है। हमें जनता की बेहतरी के लिए, उसकी सेवा के लिए, राज्य के विकास के लिए हर हाल में यह चुनाव जीतना है। हम जनता के हक में संघर्ष लगातार कर रहे हैं। अब इस संघर्ष को चरमोत्कर्ष पर पहुंचाने की जिम्मेदारी हम सभी भाजपा कार्यकर्ताओं की है।
ये रहे उपस्थित
बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय और विक्रम उसेंडी, पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, राज्य सभा सांसद सरोज पांडेय, प्रदेश महामंत्री संगठन पवन साय, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, गौरीशंकर अग्रवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता रामविचार नेताम, विधायक पुन्नूलाल मोहिले, प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप, विजय शर्मा, ओपी चौधरी उपस्थित थे।



