भाजपा आज नड्डा के रोड शो और कार्यकर्ता सम्मेलन में दिखाएगी ताकत

रायपुर(realtimes) भाजपा आज से मिशन 2023 के विधानसभा चुनाव का आगाज करने जा रही है। भाजपा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के रोड शो और कार्यकर्ता सम्मेलन में भाडजपा ने बड़ी ताकत दिखाने का फैसला किया है। जहां एक तरफ रोड शो में 20 हजार से ज्यादा कार्यकर्ता जुटेंगे, वहीं कार्यकर्ता सम्मेलन में 50 हजार से ज्यादा कार्यकर्ताओं के रहने का भाजपा दावा कर रही है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नड्डा आज सुबह रायपुर पहुंचेंगे। विमानतल पर उनका स्वागत करने के लिए प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी, सहप्रभारी नितिन नवीन, राष्ट्रीय उपाध्याय डॉ. रमन सिंह, प्रदेशाध्यक्ष अरूण साव, नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल के साथ सभी सांसद, विधायक, प्रदेश के पदाधिकारियों के साथ माना और अभनपुर मंडल के कार्यकर्ता जाएंगे।
रोड शो में रहेंगे 20 हजार कार्यकर्ता
विमानतल से श्री नड्डा का काफिला तेलीबांधा में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा तक पहुंचेगा। यहां से रोड शो प्रारंभ होगा। रोड में कई स्थानाें पर स्वागत मंच बनाए गए हैं और इसके लिए अलग-अलग विधानसभा वार जिम्मेदारी दी गई है। स्वागत मंच में दो से ढाई हजार कार्यकर्ताओं को रहने कहा गया है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रतिमा के पास आरंग विधानसभा, तेलाबांधा जैतखंभ के पास रायपुर ग्रामीण, मरीन ड्राइव में रायपुर उत्तर, भगतसिंह चौक में धरसींवा, स्वर्ण जयंती तिराहा में भाटापारा, साक्षरता चौक में बलौदाबाजार, नगर घड़ी चौक में धमतरी, शास्त्री चौक में रायपुर दक्षिण, चावला पेट्रोल पंप के पास चिकित्सा और विधि प्रकोष्ठ, मेकाहारा के पास रायपुर पश्चिम, अंबडेकर चौक में महिला मोर्चा और एकात्म परिसर में सभी मोर्चा और प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता स्वागत करेंगे। रोड में भी पंथी, सुंआ, कर्मा के साथ गेढ़ी नृत्य और राउत नाचा भी होगा।
बड़ा कार्यकर्ता सम्मेलन
श्री नड्डा का साइंस कॉलेज के मैदान में कार्यकर्ता सम्मेलन हाेगा। इसमें 50 हजार कार्यकर्ताओं के आने का भाजपा दावा कर रही है। सम्मेलन के एक दिन पहले डी. पुरंदेश्वरी, नितिन नवीन सहित प्रदेश के नेताओं ने सम्मेलन स्थल का निरीक्षण किया। प्रदेश प्रभारी और सभी नेताओं को सम्मेलन के प्रभारी राजेश मूणत ने पूरी जानकारी दी।
नड्डा चुनावी तैयारियों की करेंगे समीक्षा: पुरंदेश्वरी
प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को लेकर कहा, राष्ट्रीय अध्यक्ष का दौरा महत्वपूर्ण रहेगा। इस दौरे को लेकर भाजपा के कार्यकर्ता बहुत उत्साहित हैं। श्रीमती पुरंदेश्वरी ने बताया, श्री नड्डा चुनावी तैयारियां की समीक्षा करेंगे। साथ ही संगठन की मजबूती पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा, कार्यकर्ता सम्मेलन में 50 हजार कार्यकर्ता शामिल होंगे। एक बड़ा रोड़ शो होगा। उन्होंने बताया, भाजपा प्रदेश कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष बैठकें भी लेंगे।
पहले कांग्रेसे को तो जोड़ लें
श्रीमती पुरंदेश्वरी ने कांग्रेस के भारत जोड़ाे पर तंज कसते हुए कहा, पहले कांग्रेस अपने को तो जोड़ ले फिर भारत को जोड़ने का काम करे। कांग्रेस को ही छोड़कर उनके बड़े-बड़े नेता जा रहे हैं। कांग्रेस अपने को तो जोड़ नहीं पा रही है।
यह चुनावी शंखनाद: रमन
प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा, श्री नड्डा छत्तीसगढ़ के प्रभारी भी रहे हैं। छत्तीसगढ़ के लोगों से उनके व्यक्तिगत संबंध हैं। श्री नड्डा के दौरे को लेकर भाजपा के कार्यकर्ता उत्साहित हैं। हमने मंडल और बूथ स्तर तक बैठकें की है, जिसमें कार्यकर्ताओं की सूची बनी है। पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन का मतलब है कि यह चुनावी शंखनाद है, जिस तरह से अधिकारी-कर्मचारी हड़ताल कर रहे हैं, महिलाएं धरना दे रही हैं, इससे साफ है कि प्रदेश में हर वर्ग कांग्रेस सरकार से नाराज है। भाजपा को हर वर्ग का सहयोग मिलेगा और आने वाले चुनाव में इस सरकार को उखाड़ फेंकने का काम होगा।



