मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

नक्सलियों के बिछाए बारूदी सुरंग में विस्फोट, DRG का जवान घायल, एयरलिफ्ट कर रायपुर भेजा गया

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में शुक्रवार को नक्सलियों के बिछाए बारूदी सुरंग में विस्फोट में एक डीआरजी जवान बुरी तरह से घायल हो गया।

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षाबलों का अभियान जारी है। राज्य में नक्सलियों का ताबड़तोड़ एनकाउंटर जारी है। बौखलाहट में नक्सली अब बारूदी सुरंग के माध्यम से जवानों को टारगेट कर रहे हैं। शुक्रवार को नारायणपुर जिले में नक्सलियों के बिछाए बारूदी सुरंग में विस्फोट में एक डीआरजी जवान बुरी तरह से घायल हो गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के छोटेडोंगर थाना क्षेत्र अंतर्गत तोयमेटा और कवानार गांव के मध्य जंगल में बारूदी सुरंग (IED) की चपेट में आने से DRG का एक जवान घायल हो गया है। उन्होंने बताया कि आज छोटेडोंगर थाने से जिला बल और डीआरजी के संयुक्त दल को गश्त के लिए रवाना किया गया था।

घटना उस समय हुई जब छोटे डोंगर थाने से डीआरजी और जिला बल की संयुक्त टीम सड़क सुरक्षा अभियान के लिए गश्त पर निकली हुई थी। अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद घायल जवान को जंगल से बाहर निकाला गया। प्राथमिक इलाज करने के बाद घायल जवान को बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट कर रायपुर भेजा गया है।

बता दें कि नारायणपुर सहित बस्तर संभाग के सात जिलों के अंदरूनी इलाकों में गश्त के दौरान सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाने के लिए माओवादी अक्सर सड़कों और जंगल में कच्ची पगडंडियों पर बारूदी सुरंग लगाते हैं। इस क्षेत्र में पहले भी नक्सलियों द्वारा बिछाई गई बारूदी सुरंगों की चपेट में आने से सुरक्षाबल के जवानों और आम नागरिकों को नुकसान पहुंचा है।

इससे पहले 15 फरवरी को बीजापुर जिले में बारूदी सुरंग की चपेट में आने से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल का जवान घायल हो गया था। इसके पहले 10 जनवरी 2025 को नारायणपुर के ओरक्षा में आईईडी ब्लास्ट की घटना में एक ग्रामीण की मौत हो गई थी।

Related Articles

Back to top button