स्मृति ईरानी के दौरे पर कांग्रेस का पोस्टर वार, अजय चंद्राकर बोले- विपक्ष के पास एजेंडा नहीं

500 रुपए के गैस सिलेंडर वाले ट्रक के कार्टून से कसा तंज; भाजपा विधायक ने पोस्टर को बताया शर्मनाक
रायपुर। छत्तीसगढ़ में भाजपा की नई प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी के दौरे को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर कार्टून पोस्टर जारी कर स्मृति ईरानी पर निशाना साधा।
पोस्टर में उन्हें 500 रुपए वाले गैस सिलेंडरों से भरा ट्रक चलाकर छत्तीसगढ़ में प्रवेश करते दिखाया गया है। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने इस पर पलटवार करते हुए पोस्टर को शर्मनाक बताया और कांग्रेस पर राजनीतिक एजेंडा नहीं होने का आरोप लगाया।
कांग्रेस ने सिलेंडर के दाम को लेकर कसा तंज
कांग्रेस की ओर से जारी पोस्टर में स्मृति ईरानी को ट्रक चलाते हुए दिखाया गया है। ट्रक में 500 रुपए वाले गैस सिलेंडर रखे हैं। पोस्टर के साथ लिखा गया कि छत्तीसगढ़ में 500 रुपए वाले गैस सिलेंडर का ट्रक आने वाला है। इसके कैप्शन में ‘अंधभक्तों में खुशी की लहर’ लिखकर तंज कसा गया है।
कांग्रेस का यह पोस्टर सोशल मीडिया पर स्मृति ईरानी के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर जारी राजनीतिक बयानबाजी के बीच सामने आया है। पोस्टर के जरिए पार्टी ने गैस सिलेंडर की कीमतों के मुद्दे पर भाजपा को घेरने की कोशिश की।
अजय चंद्राकर ने किया पलटवार
भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कांग्रेस के पोस्टर पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास कोई एजेंडा नहीं है, इसलिए मीम बनाकर वायरल किए जा रहे हैं। चंद्राकर के मुताबिक, कांग्रेस ने औपचारिकता पूरी करने के लिए पोस्टर बनाया है और उसके पास उठाने के लिए कोई मुद्दा नहीं बचा है।
स्मृति ईरानी के दौरे के बीच पोस्टर और उस पर भाजपा की प्रतिक्रिया से प्रदेश में भाजपा-कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। गैस सिलेंडर की कीमतों को लेकर दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।



