देश सेवा करने ही सक्रिय राजनीति में आया हूंः अनुज शर्मा - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
City

देश सेवा करने ही सक्रिय राजनीति में आया हूंः अनुज शर्मा

रायपुर(realtimes) छत्तीसगढ़ी फिल्मों से सुपर स्टार अनुज शर्मा ने भाजपा में प्रवेश करने के बाद बातचीत में कहा, राजनीति देश सेवा करने का एक बड़ा माध्यम है,  वैसे ताे मैंने 23 साल छत्तीसगढ़ी फिल्मों में काम करके समाज काे अच्छी फिल्मों के माध्यम से संदेश देने का काम किया है, पर  बचपन से एक तमन्ना फौज में जाकर देश सेवा करने की थी, वह सपना तो पूरा नहीं हो सका। अब सक्रिय राजनीति में आकर देश सेवा करने की मंशा के साथ ही भाजपा में प्रवेश किया है। भाजपा की विचारधारा से प्रभावित होकर ही में इससे जुड़ा हूं।
अनुज शर्मा ने कहा, भाजपा ही देश की एक ऐसी पार्टी है जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को मजबूत करने का काम कर रही है। कश्मीर से धारा 370 को हटाने की ताकत भाजपा ने ही दिखाई है। देश हित के सारे काम भाजपा कर रही है। मैं इस पार्टी की विचारधारा से शुरू से प्रभावित रहा हूं। जब मैंने सक्रिय राजनीति में आने का फैसला किया तो स्वाभाविक है मेरी पहली पसंद भाजपा ही है, तो मैंने भाजपा का दामन थाम लिया है।
सेवा करने आया हूं
क्या भाजपा में आने का कारण चुनाव लड़ना है, पूछने पर अनुज कहते हैं, मैं राजनीतिक में देश और आम जन की सेवा करने के लिए आया हूं। एक कार्यकर्ता के रूप में पार्टी में काम करूंगा। अगर पार्टी का आदेश होगा तो चुनाव भी लडूंगा। मैं पहले से ही पार्टी के प्रचार में शामिल होता रहा हूं, लेकिन तब मैं पार्टी का सदस्य नहीं था। अब पार्टी के एक सदस्य के रूप में विधानसभा चुनाव में प्रचार करूंगा और भाजपा को जीत दिलाने के लिए काम करूंगा। पार्टी जिस भी रूप में मेरा इस्तेमाल करना चाहेगी मैं तैयार हूं।
मोदी की नीतियों ने किया प्रभावित: बारले
पद्मश्री डॉ. राधे श्याम बारले ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वास्तव में हर वर्ग का का ध्यान रखते हैं। केंद्र की मोदी सरकार ने देश भर के कलाकारों के लिए बेहतर काम किया है। छत्तीसगढ़ में भाजपा शासन में भी कलाकारों को अहमियत दी जाती थी। मैं भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर ही भाजपा में आया हूं। इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा को जीत दिलाने के लिए काम करेंगे।
कांग्रेस एक परिवार की पार्टी: त्यागी
भाजपा का दामन थामने वाले पूर्व आईएएस राजपाल सिंह त्यागी ने कहा, कांग्रेस तो एक परिवार की पार्टी है। कांग्रेस में किसी की सुनी नहीं जाती है। भाजपा में ऐसा नहीं है। यही वजह है कि मैंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आने का फैसला किया। भाजपा में एक छोटे से कार्यकर्ता की भी पूछ परख होती है, उनको बड़ा सम्मान मिलता है। भाजपा सनातन धर्म की रक्षा के लिए काम कर रही। इससे प्रभावित होकर भाजपा में आया हूं। भाजपा को इस साल विधानसभा चुनाव में जीत दिलाने के लिए काम करेंगे।

Related Articles

Back to top button