सीए सुलगा,बीड़ी जली, गुरु के घर धावा, सीबीआई-ईडी की संयुक्त गुड मॉर्निंग - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

सीए सुलगा,बीड़ी जली, गुरु के घर धावा, सीबीआई-ईडी की संयुक्त गुड मॉर्निंग

रमन की चिट्ठी पर चावल घोटाले का उबाल

रायपुर(realtimes) छत्तीसगढ़ में शुक्रवार की सुबह सीबीआई और ईडी की संयुक्त गुड मॉर्निंग की खबर है। इन केंद्रीय संस्थानों ने दुर्ग में शेयर घोटाले में एक सीए के घर छापा मारा तो उन्होंने संदिग्ध दस्तावेज जला डाले,इस आग को बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड़ बुलानी पड़ी। इसी क्रम में ईडी ने सुबह सबेरे गुरुचरण सिंह होरा के घर पर छापा मारने के साथ ही छत्तीसगढ़ के एक बड़े बीड़ी कारोबारी डायालाल मेघजी के ठिकानों पर भी छापा मारा। ईडी की यह कार्रवाई जमीन की संदिग्ध खरीदी के सिलसिले में मानी जा रही है। ईडी ने पंडरी के मनदीप चावला के घर भी छापा मारा है। कहा जा रहा है कि ये लोग सिंडीकेट बनाकर काम कर रहे थे। इन कार्रवाईयों से छत्तीसगढ़ की सियासत में जबरदस्त खलबली है। इससे एक दिन पहले की पूर्व मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह की शिकायत पर केंद्रीय सरकार के जांच दल ने चावल घोटाले की जांच शुरु कर दी है। रमन सिंह के मुताबिक चावल घोटला करीब पांच हजार करोड़ का है इसमें पीएम गरीब कल्याण योजना के चावल की अफरा-तफरी की बात सामने आ रही है। ये मामला राज्य विधानसभा में भी उठा था। इन सारे हमलों के बीच राज्य की कांग्रेस सरकार बचाव की मुद्रा में है। सियासी ताैर पर भाजपा हमलावर होने की कोशिश में है।

दुर्ग में कारोबारी सुरेश कोठारी और उनके सीए श्रीपाल कोठारी के यहां सीबीआई ने छापा मारा है। सीबीआई को देखते ही श्रीपाल कोठारी ने अहम दस्तावेज जला दिए हैं। इधर दाे हजार कराेड़ के शराब घोटाले में ईडी ने कारोबारी गुरुचरण सिंह हाेरा के निवास पर अल सुबह छापा मारा है। वहां पर कार्रवाई चल रही है। रायपुर के देवेंद्र नगर इलाके में ईडी के अधिकारियों ने कारोबारी गुरुचरण होरा के घर पर छापा मारा है।  सुबह 5 बजे के आसपास ईडी की टीम होरा के घर में दाखिल होकर छानबीन शुरू की।

शराब घोटाला मामले में कारोबारी अनवर को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। प्रवर्तन निदेशालय ने बताया था कि अनवर ढेबर रायपुर के ग्रैंड इंपीरियल होटल में छुपा था। इस होटल का कारोबार होरा ही संभालते हैं। ईडी ने अपने आरोप पत्र में अनवर ढेबर के साथ अवैध धंधे में गुरुचरण होरा की हिस्सेदारी का जिक्र भी किया है। इसी वजह से अब होरा के घर और दफ्तरों की जांच की जा रही है। दुर्ग के पदमनाभपुर में भी सुबह 5:15 बजे सीबीआई की टीम ने दबिश दी। कोठारी निवास और दफ्तर की जांच की जा रही है। यहां रहने वाले कारोबारी सुरेश कोठारी और उनके भाई सीए श्रीपाल कोठारी के घर की जांच की जा रही है। सुबह जब सीबीआई की टीम सुरक्षा बल के साथ गेट पर पहुंची, तभी बड़ी मात्रा में सीए श्रीपाल कोठारी ने अहम दस्तावेज जला दिए। ये देख सीबीआई अधिकारियों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई, लेकिन तब तक दस्तावेज जल चुके थे।

Related Articles

Back to top button