छत्तीसगढ़ के कसडोल में सबसे अधिक और मनेंद्रगढ़ विधानसभा में सबसे कम मतदाता

अंतिम प्रकाशन के साथ चुनाव की उल्टी गिनती शुरू
रायपुर(realtimes) छत्तीसगढ़ की मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव के लिए अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया है। प्रदेश में जिले वार जारी मतदाता सूची के अनुसार कसडोल विधानसभा में सबसे अधिक 361208 मतदाता है। वहीं सबसे कम 134541 मतदाता मनेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र में हैं। छत्तीसगढ़ की मतदाता सूची का विश्लेषण करने पर यह पाया गया कि इस बार द्वितीय पुनरीक्षण 11 सितंबर तक चला। निर्वाचन आयोग के द्वारा अंतिम सूची का प्रकाशन होने के बाद भी नए मतदताओं के नाम नामांकन दाखिले की तारीख के 10 दिन तक जोड़े जा सकते हैं।
प्रदेश में निर्वाचक नामावली के द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के बाद बुधवार को सभी मतदान केंद्रों में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। अब राज्य में कुल दो करोड़ तीन लाख 60 हजार 240 मतदाता हैं। इनमें एक करोड़ एक लाख 20 हजार 830 पुरुष मतदाता, एक करोड़ दो लाख 39 हजार 410 महिला मतदाता और 790 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के बाद राज्य में सात लाख 19 हजार 825 मतदाता बढ़े हैं। प्रदेश में मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद अब निर्वाचन आयोग के चुनाव कार्यक्रम घोषित करने के साथ ही प्रदेश में आदर्श आचार संहित लागू हो जाएगी।
10 विधानसभा जहां अधिक मतदाता
जिले वार मतदाता सूची में पहले 10 विधानसभा जहां मतदाताओं की संख्या अधिक है उनमें कसडोल के अलावा रायपुर ग्रामीण, कवर्धा, पंडरिया, बिल्हा, मस्तुरी, बिलाईगढ़, रायपुर पश्चिम, बलौदाबाजार और एससी के लिए सुरक्षित सीट नवागढ़ शामिल है।
सबसे कम मतदाता सूची वाली सीटें
इनमें बस्तर संभाग की अधिकांश सीटें शामिल हैं। इनमें महिलाओं की संख्या पुरूषों के आपेक्षा ज्यादा हैं। कम मतदाता वाली सीटों में कांकेर, चित्रकोट, भानुप्रतापपुर, अंतागढ़, बीजापुर, भिलाई नगर, माेहला-मानपुर, बस्तर, बैकुंठपुर, कोंटा और मनेंद्रगढ़ शामिल हैं।



