खास खबर…प्रदेश में ई-बाइक की बिक्री टॉप गियर में, साल भर में 20 हजार से ज्यादा बिकी

रायपुर . महंगे पेट्रोल के कारण अब अपने राज्य में भी ई-बाइक की बिक्री ने रफ्तार पकड़ ली है। पहले माह भर में मुश्किल से सौ ई-बाइक बिकती थी, लेकिन अब औसत दो हजार के करीब पहुंचने वाला है। साल भर में 20 हजार से ज्यादा ई-बाइक बिकी हैं। रायपुर में सबसे ज्यादा ई-बाइक बिक रही है। पेट्रोल बाइक की तुलना में कई बार इसका प्रतिशत 15 से 17 तक गया है।
अपने राज्य के साथ ही देश के ज्यादातर राज्यों में पिछले एक साल से पेट्रोल की कीमत सौ रुपए के पार है। ऐसे में अब ई-बाइक खरीदने की तरफ लोगों का रुझान ज्यादा हो गया है। अपने राज्य में भी लोग अब ज्यादा ई-वाहन ले रहे हैं। राज्य सरकार ने इसके लिए सब्सिडी भी देना प्रारंभ किया है। दस फीसदी तक सब्सिडी मिल रही है। कारों पर अधिकतम डेढ़ लाख तक की सब्सिडी मिल रही है। सब्सिडी के कारण भी लोग ई-वाहन ज्यादा ले रहे हैं।
रायपुर में सात हजार ई-बाइक बिकी
जीके होंडा से संचालक पुनीत पारवानी के मुताबिक रायपुर में सबसे ज्यादा ई-बाइक बिक रही है। अप्रैल 2022 से मार्च 2023 तक 7171 ई-बाइक रायपुर में बिकी है। जबकि इस दाैरान 58 हजार 829 पेट्रोल बाइक बिकी है। अप्रैल में 427 ई-बाइक बिकी। इस माह पेट्रोल बाइक 4550 बिकी। सबसे ज्यादा ई-बाइक नवंबर में दीपावली के सीजन में बिकी। इस माह 8110 पेट्रोल बाइक भी बिकी। प्रतिशत के हिसाब से देखें तो इस साल मार्च में सबसे ज्यादा 17.75 प्रतिशत ई-बाइक पेट्रोल बाइक की तुलना में बिकी है। पेट्रोल बाइक जहां 4360 बिकी है, वहीं ई-बाइक 941 बिकी है। जनवरी में ई-बाइक की बिक्री का प्रतिशत 17.33 रहा है।
प्रदेश में रोज बिक रही डेढ़ से ढाई हजार तक
प्रदेश में ई-बाइक की बिक्री रोज डेढ़ से ढाई हजार तक हो रही है। अप्रैल 2022 में 1397 ई-बाइक बिकी। इसके बाद मई में 834, जून 1038, जुलाई में 1309, अगस्त में 1360, सितंबर में 1190 और अक्टूबर में रिकॉर्डतोड़ 2471 और नवंबर में धनतेरस और दीपावली के कारण 2725 ई-बाइक बिकी। दिसंबर में 1883 और इस साल जनवरी में 1922, फरवरी में 1871 और मार्च में 2170 ई-बाइक बिकी है। साल भर में जहां पेट्रोल बाइक तीन लाख 65 हजार 648 बिकी है, वहीं ई-बाइक 20 हजार 170 बिकी है।



